Bhojpur Crime: भोजपुर में डेयरी विवाद में 60 वर्षीय बुजुर्ग को मारी गोली, जांघ में लगी गोली
Bhojpur Crime: भोजपुर के बीरमपुर कृतपुरा गांव में डेयरी विवाद को लेकर 60 वर्षीय रमेश चौधरी को गोली मार दी गई। जांघ में गोली लगी है। पुलिस आरोपितों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
Bhojpur Crime: भोजपुर जिले के गीधा थाना क्षेत्र के बीरमपुर कृतपुरा गांव में पूर्व विवाद को लेकर एक 60 वर्षीय बुजुर्ग को गोली मार दी गई। गोली उनकी जांघ में लगी, जिससे वह जख्मी हो गए। घटना के बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। जख्मी की पहचान गांव निवासी रमेश कुमार चौधरी के रूप में हुई है।
जख्मी रमेश चौधरी ने अपने बयान में गांव के ही रतेंद्र चौधरी और उनके दो बेटों आयुष्मान चौधरी व ऋषभ चौधरी पर गोली मारने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि घटना के समय वह गांव में संचालित सुधा डेरी पर दूध मापने और बर्तन साफ करने का काम कर रहे थे। इसी दौरान तीनों वहां पहुंचे। रमेश चौधरी के अनुसार, रतेंद्र चौधरी ने मारने के लिए कहा और गोली चला दी, जो उनकी जांघ में लगी।
गोली लगने के बाद रमेश चौधरी ने डेरी का दरवाजा बंद कर अंदर से दूध के केन लगाकर खुद को सुरक्षित किया। इसके बाद उन्होंने फोन कर परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें अस्पताल ले गए।
डेरी के विवाद में हुई घटना : एसडीपीओ
सदर एसडीपीओ-2 रंजीत कुमार सिंह ने बताया कि रमेश चौधरी और रतेंद्र चौधरी के बीच डेरी संचालन को लेकर पूर्व से विवाद था। इसी विवाद में गोली चलने की बात सामने आई है। जख्मी की जांघ में गोली लगी है और वह खतरे से बाहर हैं।
एसडीपीओ ने रंगदारी मांगने की बात से इनकार करते हुए कहा कि प्रथम दृष्टया मामला डेरी विवाद का है। जख्मी ने बाप-बेटे पर गोली मारने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
भोजपुर आरा से आशीष की रिपोर्ट