Bihar Arrah: फायरिंग वीडियो पर बवाल, हम नेता दानिश रिजवान ने बताया AI की साजिश

Bihar Arrah: आरा में हम पार्टी के नेता दानिश रिजवान का फायरिंग करते हुए वीडियो वायरल हुआ है। इस पर नेता ने बताया AI से बना फर्जी वीडियो है।

Bihar Arrah
हम नेता का फायरिंग वीडियो वायरल- फोटो : news4nation

Bihar Arrah: आरा से एक बड़ी खबर सामने आई है। केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के राजनीतिक सलाहकार और हम पार्टी के नेता दानिश रिजवान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में साफ देखा जा रहा है कि एक सरकारी पुलिसकर्मी के हाथ से हथियार लेकर दानिश रिजवान फायरिंग करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में चर्चा तेज हो गई है और कई तरह के सवाल उठने लगे हैं।

वीडियो वायरल होने के बाद दानिश रिजवान ने अपनी सफाई दी है। उन्होंने फेसबुक पर पोस्ट करके कहा कि यह वीडियो असली नहीं है, बल्कि AI तकनीक से बनाया गया है और गलत तरीके से फैलाया जा रहा है। इस मामले को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रिया भी सामने आ रही है। Rashtriya Janata Dal (राजद) ने भी इस वीडियो पर सवाल उठाए हैं और मामले की जांच की मांग की है।

भोजपुर के पुलिस अधीक्षक का बयान

भोजपुर के पुलिस अधीक्षक राज ने कहा है कि वायरल वीडियो की सच्चाई की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि जांच के बाद जो भी सही होगा, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस मामले में जांच जारी है और प्रशासन यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि वीडियो असली है या फर्जी।

आरा से आशीष की रिपोर्ट