भोजपुर परिवहन कार्यालय में 89 लाख का घोटाला! डाटा एंट्री ऑपरेटर ने सरकारी खजाने पर डाला बड़ा डाका

जांच में खुलासा हुआ है कि आरटीपीएस काउंटर से मोटर वाहन कर के रूप में कुल ₹89,11,698 की वसूली की गई, लेकिन यह राशि आज तक सरकार के खाते में नहीं पहुंची।

Bhojpur Transport Office
Bhojpur Transport Office- फोटो : news4nation

Bihar News : बिहार में एक बार फिर सरकारी दफ्तरों में राजस्व सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। भोजपुर जिला परिवहन कार्यालय में सरकारी खजाने को बड़ी चपत लगाए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मोटर वाहन कर (Motor Vehicle Tax) के नाम पर वसूली गई करीब 89 लाख रुपये की राशि सरकारी खाते में जमा करने के बजाय तत्कालीन डाटा एंट्री ऑपरेटर अजय कुमार सिंह द्वारा हड़प लिए जाने का आरोप लगा है।


जांच में खुलासा हुआ है कि आरटीपीएस काउंटर से मोटर वाहन कर के रूप में कुल ₹89,11,698 की वसूली की गई, लेकिन यह राशि आज तक सरकार के खाते में नहीं पहुंची। यह पूरा खेल उस समय सामने आया जब विभागीय जांच में भुगतान से जुड़ी गंभीर अनियमितताएं पकड़ी गईं।


मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला परिवहन कार्यालय ने दिसंबर 2025 और जनवरी 2026 में आरोपी डाटा एंट्री ऑपरेटर के स्थायी पते पर नोटिस भेजकर स्पष्टीकरण मांगा था। साफ चेतावनी दी गई थी कि जवाब नहीं देने पर इसे सरकारी राशि का गबन माना जाएगा। बावजूद इसके अजय कुमार सिंह ने चुप्पी साधे रखी।


स्पष्टीकरण नहीं मिलने के बाद विभाग इस निष्कर्ष पर पहुंचा है कि सरकारी राजस्व का गबन किया गया है। जिला परिवहन पदाधिकारी भोजपुर ने थाने को पत्र भेजकर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने, सरकारी राशि की वसूली और सख्त कानूनी कार्रवाई की अनुशंसा की है।

धीरज पाराशर की रिपोर्ट