Bihar News: जंगल में मौत का सन्नाटा, वाल्मीकि टाइगर रिजर्व में संदिग्ध हालात में बाघिन की लाश बरामद, वन विभाग में हड़कंप

Bihar News: जंगल के भीतर खामोशी की चादर ओढ़े एक डेढ़ साल की बाघिन मृत अवस्था में मिली है। इस रहस्यमयी मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Tiger found dead in Valmiki Reserve probe sparks alarm
संदिग्ध हालात में बाघिन की लाश बरामद- फोटो : reporter

Bihar News:  वाल्मीकि टाइगर रिजर्व से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जिसने वन महकमे से लेकर पर्यावरण प्रेमियों तक को सकते में डाल दिया है। जंगल के भीतर खामोशी की चादर ओढ़े एक डेढ़ साल की बाघिन मृत अवस्था में मिली है। इस रहस्यमयी मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

सूत्रों के मुताबिक, यह बाघिन पिछले दो दिनों से वन विभाग की निगरानी रडार पर थी। उसकी हालत को लेकर अलर्ट जारी था और उसे सुरक्षित रेस्क्यू करने की कोशिशें भी जारी थीं। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था रविवार को मंगूरहा वनक्षेत्र के पंडई नदी किनारे उसका शव मिलने से पूरे सिस्टम में हड़कंप मच गया।

मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने तुरंत एक्शन मोड में आकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी। अब इस पूरे मामले को ‘मिस्ट्री केस’ की तरह देखा जा रहा है, जहां हर एंगल चाहे वह बीमारी हो, जहर, या फिर शिकारियों की साजिश सबकी बारीकी से जांच की जा रही है।

इस सनसनीखेज घटना की पुष्टि करते हुए सीएफ गौरव ओझा ने बताया कि बाघिन का शव पंडई नदी के पास मिला है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली राज से पर्दा उठ पाएगा। वन विभाग फिलहाल इस केस को लेकर पूरी तरह सतर्क है और हर सुराग को खंगालने में जुटा हुआ है। जंगल के इस ‘खामोश कातिलाना राज’ ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या हमारे वन्यजीव सच में सुरक्षित हैं, या फिर जंगल के अंदर ही कोई ‘खतरनाक साजिश’ पल रही है?

रिपोर्ट- नागेंद्र प्रसाद