Bihar Flood News : भोजपुर के जवईनिया गांव में जिला प्रशासन चला रहा राहत कार्य, अबतक 115 घर गंगा में समाये

ARA : जिले के शाहपुर प्रखंड के दामोदरपुर पंचायत का जवईनिया गांव गंगा नदी के भीषण कटाव की चपेट में है। अब तक इस गांव के सैकड़ो घर गंगा नदी में विलीन हो चुके हैं। हजारों की आबादी कटाव से पूरी तरह प्रभावित है। वहीं जिला प्रशासन भोजपुर के द्वारा वहां पर लगातार राहत और बचाव का कार्य किया जा रहा है। इसको लेकर भोजपुर के जिला पदाधिकारी ने प्रेस वार्ता के माध्यम से इसकी जानकारी दी।
जिला पदाधिकारी ने बताया कि इस गांव के वार्ड संख्या चार एवं पांच के लोग पूरी तरह से कटाव की चपेट में है और तकरीबन 115 घर से ज्यादा अब तक कटाव में गंगा नदी में समा गए हैं। हजारों की आबादी सीधे तौर पर इससे प्रभावित हुई है। कटाव पीड़ित को जिला प्रशासन की ओर से हर संभव राहत मुहैया कराया जा रहा है। हालांकि अभी एक-दो दिनों में दो से तीन सेंटीमीटर गंगा के जलस्तर में कमी आई है। फिर भी जिला प्रशासन के द्वारा लगातार प्रभावित लोगों के बीच सामुदायिक किचन चलाया जा रहा है। जिसमें हजारों लोग हर रोज खाना खा रहे हैं। बच्चों के लिए दूध का इंतजाम किया गया है।
वही सैकड़ो परिवार के बीच पॉलीथिन शीट का वितरण किया गया है। इसके अलावा मेडिकल सुविधा के साथ-साथ निर्बाध विद्युत आपूर्ति जनरेटर के माध्यम से लोगों के बीच दी जा रही है। लोगों के साथ-साथ पशुओं के चिकित्सा का भी वहां इंतजाम किया गया है। इसके अलावे 24 घंटे पदाधिकारी की वहां ड्यूटी लगाई गई है। ताकि कटाव पर सतत नियंत्रण रखा जा सके। प्रभावित लोगों को अन्यत्र ले जाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से नि:शुल्क वाहन प्रदान किए गए हैं। इसके अलावा प्रभावित परिवार के बीच जिला प्रशासन के द्वारा हरसंभव सहयोग किया जा रहा है।
कटाव के सतत आकलन के लिए ड्रोन से निगरानी की जा रही है। इसके अलावा क्षति का आकलन करके उनको नियम अनुसार क्षतिपूर्ति प्रदान करने के लिए संबंधित विभाग को लिखा गया है। लोगों से अपील है कि वे लोग आपदा की इस घड़ी में आपदा पीड़ितों की सेवा करें। उनके सहयोग के लिए तत्पर रहे। वहीं जिला प्रशासन भी लगातार इसकी मॉनीटरिंग कर रहा है।
आरा से आशीष की रिपोर्ट