मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आगमन के पहले आरा में पांच लोगों को मारी गोलियां, दिनदहाड़े फायरिंग से अफरातफरी
Arrah firing : बिहार के आरा में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब हथियारबंद बदमाशों ने दिनदहाड़े फायरिंग कर प्रॉपर्टी डीलर समेत पांच लोगों को गोली मार दी। घटना पीरो रजिस्ट्री ऑफिस की है, जहां जमीन रजिस्ट्री को लेकर विवाद के दौरान इस वारदात को अंजाम दिया गया। यह घटना ऐसे समय में हुई है जब एक दिन बाद यानी 25 मार्च को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समृद्धि यात्रा पर आरा आ रहे हैं. जहां गोलीबारी हुई उस कैंपस में पीरो अनुमंडल के दंडाधिकारी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के अलावे पीरों अनुमंडल पदाधिकारी का भी कार्यालय है और यहां सुरक्षा व्यवस्था काफी कड़ी रहती है. इसके बाद भी हथियारबंद लोगों ने गोलीबारी की.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ढाई कट्ठा जमीन को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के बीच पीरो रजिस्ट्री ऑफिस में रजिस्ट्री कराने पहुंचे लोगों पर बदमाशों ने अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी होते ही कार्यालय में अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई।
इस हमले में प्रॉपर्टी डीलर समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को पहले प्राथमिक उपचार के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए आरा रेफर कर दिया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) सहित कई थानों की पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है।
आशीष की रिपोर्ट