Bihar News: IRB जवान का पार्थिव शरीर पहुंचा बिहार, पति को मृत देख पत्नी की बिगड़ी तबीयत, नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई

Bihar News: भोजपुर के आईआरबी जवान की मौत सड़क हादसे में हो गई है। वहीं आज जवान का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव पहुंचा। जहां नम आंखों से विदाई दी गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है...

जवान की मौत
जवान को दी गई अंतिम विदाई- फोटो : reporter

Bihar News: भोजपुर जिले के चांदी थाना क्षेत्र अंतर्गत जहनपुर गांव के रहने वाले सुधीर कुमार की मुसाबनी में मौत हो गई। सुधीर कुमार की मौत एक सड़क दुर्घटना में हुई है। जब वो ड्यूटी खत्म कर साइकिल से मुसाबनी के शास्त्रीनगर स्थित घर लौट रहे थे। उसी दौरान मुसाबनी-घाटशिला मुख्य सड़क पर ताजमहल होटल के पास ट्रक की चपेट में आने से आईआरबी के जवान सुधीर की मौके पर मौत हो गयी। सुधीर मुसाबनी मुख्यालय कैंप में आइआरबी-टू चाईबासा का जवान था। घटना सोमवार की शाम करीब 4:30 में हुई है। 

पत्नी की बिगड़ी तबीयत 

वहीं घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई। जिसके बाद से ही पूरे परिवार के सदस्यों का रो रोकर बुरा हाल है। वहीं सुधीर की पत्नी नेहा कुमारी की तबियत काफी बिगड़ गई है। अपने पति की मौत की खबर मिलते ही वो बेहोश हो गई। दो दिनों से डॉक्टर की देख रेख में है। नेहा को लगातार पानी चढ़ाया जा रहा है। वहीं सुधीर की मां एतबारो दे वी और सुधीर के पिता राम लड्डू सिंह के भी आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहा है। सुधीर की मौत ने परिवार को झकझोर कर रख दिया है। चारों तरफ चीख पुकार है। 

ड्यूटी से लौटने के क्रम में घटी घटना 

सुधीर का पार्थिव शरीर के गांव पहुंचते ही उसे आखिरी विदाई देने हजारों की संख्या में ग्रामीण पहुंच गए। दूसरी तरफ संदेश के पूर्व विधायक अरुण यादव परिजनों के बीच पहुंचकर उनका ढांढस बढ़ाया है। सुधीर कुमार ने पिता राम लड्डू सिंह ने बताया कि फरवरी माह में अपनी भतीजी की शादी में सुधीर अपने घर आया था। बारात खत्म होने के बाद ही वो अपने ड्यूटी पर लौट गया। फरवरी के बाद से अभी तक कभी बात नहीं हो पाई। सुधीर की बात उसकी पत्नी नेहा से प्रतिदिन होती थी। वहीं सरकार से मांग करने वाले सवाल पर राम लड्डू सिंह ने बताया कि अभी हम कुछ भी नहीं समझ पा रहे है। 

आखिरी बार बेटे से बात नहीं कर पाई माँ 

वहीं सुधीर की मां एतबारो देवी अपने बेटे की मौत की खबर ने पूरी तरह झंकझोर कर दिया है। ठीक तरीके से कुछ बोल भी नहीं पा रही है। जब उनसे पूछा गया, सुधीर से आखिरी बार कब बात हुई थी। तो उन्होंने बताया कि मौत से पहले कभी उनके बेटे से बात हो ही नहीं पाई। फरवरी में ही जब घर आया था। तभी बात हुई थी। कॉल पर भी बात नहीं हो पाई। सुधीर की मां एक आखिरी बार भी सुधीर से नहीं बात कर पाई। ऐसा कभी किसी ने नहीं सोचा था। सुधीर फरवरी माह में घर आया था और शादी के बाद ही लौट गया था। लेकिन यह कौन जानता था अब सुधीर कभी लौट कर घर नहीं आएगा। 

सड़क हादसे में मौत

वहीं आईआरबी के दारोगा शशि भूषण सिंह ने पूरे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि सुधीर मैगजीन गार्ड की ड्यूटी पर थे। अपनी ड्यूटी खत्म कर 4:00 बजे उतर गए थे। 4 बजकर 20 मिनट पर हथियार गोली जमा करके घर लौट रहा था। वहां से 4 बजकर 21 मिनट में निकला था। तभी 4 बजकर 27 मिनट में सूचना मिली कि सुधीर को ट्रक ने कुचल दिया है। यह घटना मुसाबनी-घाटशिला मुख्य सड़क पर ताजमहल होटल के पास हुई थी। 

2023 में हुई थी शादी 

वहीं जानकारी के मुताबिक सुधीर ने 2019 में आईआरबी ज्वाइन की थी। झारखंड के रांची में ज्वाइन किए थे। उसके बाद टाटा में ही ट्रेनिंग करने के बाद वहीं ड्यूटी कर रहे थे। इसके बाद 2023 में ही नेहा कुमारी के साथ सुधीर शादी के बंधन में बंधे थे। अभी तक सुधीर और नेहा को कोई संतान नहीं हुई थी। सुधीर चार बहन और दो भाइयों में पांचवें नंबर पर थे। वहीं सुधीर के पार्थिव शरीर को परिवार वालों को सौंप दिया गया है। गांव के लोग नम आंखों से सुधीर को अंतिम विदाई दी है।

आरा से आशीष की रिपोर्ट