Bihar News : पैक्स अध्यक्ष ने लगाया पुलिस पर मारपीट करने का आरोप, थाना में धरना और घेराव करने की दी धमकी

ARA : जिले की पुलिस पर मनमानी और अत्याचार का गंभीर आरोप लगा है। जानकारी के अनुसार एक पैक्स अध्यक्ष, उनकी पत्नी और बेटे की पुलिस द्वारा पिटाई किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस पर यह आरोप गीधा के पैक्स अध्यक्ष रामेंद्र नारायण सिंह ने लगाया है। वहीं इस मामले का वीडियो भी सामने आया है। जिसको लेकर भोजपुर एसपी मिस्टर राज को लिखित आवेदन भी दिया गया है। साथ ही कार्रवाई करने की मांग की है।
मामला भोजपुर जिले के गीधा थाना क्षेत्र अंतर्गत गीधा गांव का है। जहां स्वर्गीय चंद्र शेखर सिंह के पुत्र रामेंद्र नारायण सिंह ने गीधा थाना के पदाधिकारियों पर दुर्व्यवहार करते हुए मारपीट करने का आरोप लगाया है। इस मामले को लेकर रामेंद्र नारायण सिंह ने एसपी को लिखित आवेदन दिया है। जिसमें उन्होंने बताया कि 20 सितंबर की रात में करीब 9 बजे खाना खाने के दौरान मुझे कुछ शोर गुल सुनाई दिया।
जिसके बाद रामेंद्र नारायण सिंह बाहर निकला तो पता चला कि ग्रामीण कुछ लड़का लड़कियों का प्रतिकार कर रहे है। उसी दौरान गीधा थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई और लाठी डंडा से मारना शुरू कर दिया। इस घटना में पैक्स अध्यक्ष, उनकी पत्नी और उनके बेटे को गंभीर चोट आई है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि जब रामेंद्र नारायण सिंह की पत्नी उन्हें बचाने आई तो पुलिस के द्वारा उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया।
वहीं दिए गए आवेदन के मुताबिक पुलिस के कई घंटे थाना में भी बैठाया था। जिसके बाद से ग्रामीणों में जनाक्रोश है। पीड़ित परिवार ने गीधा थाना में धरना और थाना का घेराव करने की बात कहीं है। वहीं पीड़ित ने थाना के पुलिस पदाधिकारी अवधेश कुमार, रामबाबू राय और कृष्ण कुमार पर दुर्व्यवहार और मारपीट करने का आरोप लगाया है। परिवार का कहना है कि यह सारा घटना थाना प्रभारी के सामने हुई है। जिसके बाद परिजनों ने दोषी पुलिस पर कार्रवाई करने की मांग की है।
आरा से आशीष की रिपोर्ट