Bihar Crime : बिना नंबर की लग्जरी कार से लाखों रूपये की शराब पुलिस ने किया बरामद, मौके से तस्कर को किया गिरफ्तार

ARA : आगामी विधानसभा चुनाव एवं दशहरा पर्व को देखते हुए जिला पदाधिकारी भोजपुर तनय सुल्तानिया के आदेश पर मद्यनिषेध विभाग द्वारा जिले में अवैध शराब के खिलाफ लगातार छापेमारी एवं वाहन जाँच अभियान चलाया जा रहा है। इस क्रम में सहायक आयुक्त मद्यनिषेध रजनीश को गुप्त सूचना मिली की एक महिंद्रा XUV 5OO कार से भरी मात्रा में विदेशी शराब उत्तर प्रदेश से दानापुर ले जाया जा रहा है।
निरीक्षक मद्य निषेध प्रकाश चंद्र के नेतृत्व में एक छापेमारी टीम बनायी गई। छापेमारी टीम को दिनांक 25-09-2025 की अहले सुबह बक्सर पटना फोरलेन पर कायमनगर ओवर ब्रिज के पास, थाना-गीधा, जिला-भोजपुर में एक महत्वपूर्ण सफलता मिली। वाहन जाँच के क्रम में शक के आधार पर एक महिंद्रा XUV 5OO कार को रोका गया। कार की जाँच करने पर कार के अंदर से भारी मात्र में अवैध विदेशी शराब बरामद किया गया। उक्त कार पर निबंधन संख्या अंकित नहीं पाया गया।
वाहन के चालक अश्वनी कुमार झा, पे०-अरुण कुमार झा, सा०-शरद नगर, महबूब खान टोला, थाना-खजांची, जिला-पूर्णिया, बिहार को गिरफ्तार करते हुए अग्रतर कार्यवाही हेतु न्यायालय को सुपुर्द किया जा रहा है। उक्त वाहन से 8 PM Special Whisky 180 ml का 1680 पीस, After dark blue rare grain Whisky 180 ml का 240 पीस, कुल 1920 पीस में 345.600 लीटर जप्त किया गया।
जप्त शराब का बाजार मूल्य करीब 5 लाख के करीब आँका गया है। जप्त शराब को उत्तर प्रदेश से दानापुर ले जाया जा रहा था। छापेमारी दल में निरीक्षक प्रकाश चंद्र, अवर निरीक्षक शिवम कुमार झा, सहायक अवर निरीक्षक राजकुमार राजा, सहायक अवर निरीक्षक सोनाली कुमारी के साथ साथ मद्यनिषेध सिपाही, सैप और होमगार्ड के जवान शामिल थे। आगामी विधानसभा चुनाव एवं दशहरा पर्व को देखते हुए मद्य निषेध एवं उत्पाद विभाग द्वारा अवैध शराब के विरुद्ध लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा हैं। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
आरा से आशीष की रिपोर्ट