भोजपुर में सनसनीखेज मोहित राज हत्याकांड का खुलासा: मां के अवैध संबंध का विरोध करने पर रची गई थी खूनी साजिश, मां गिरफ्तार, प्रेमी की तलाश जारी

भोजपुर जिले के तरारी थाना क्षेत्र के दुर्गपुर गांव में 14 वर्षीय छात्र की हत्या मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। 14 वर्षीय छात्र मोहित राज की हत्या उसकी मां के इशारे पर उसके प्रेमी ने साथियों संग मिलकर की थी.....

भोजपुर में सनसनीखेज मोहित राज हत्याकांड का खुलासा: मां के अव
मां ने कराई थी अपने बेटे की हत्या (मृतक की फाइल फोटो)- फोटो : आशीष श्रीवास्तव

Arrah : भोजपुर जिले के तरारी थाना क्षेत्र के दुर्गपुर गांव में 14 वर्षीय मोहित राज हत्याकांड में एक बेहद चौंकाने वाला और दहला देने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस के प्रारंभिक अनुसंधान के अनुसार, मोहित की मां मानती देवी का गांव के ही संतोष कुमार के साथ प्रेम संबंध था, जिसका मोहित पुरजोर विरोध करता था। इसी बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होता रहता था। पुलिस का कहना है कि इसी रंजिश के चलते मां के इशारे पर संतोष कुमार ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर मोहित की पीट-पीटकर हत्या कर दी और साक्ष्य छुपाने की नीयत से उसके शव को करथ गांव के बिरहर करहा के समीप फेंक दिया। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतक की मां मानती देवी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य नामजद आरोपी संतोष कुमार और उसके अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पूरे मामले का खुलासा पीरो एसडीपीओ कन्हैया कुमार ने किया है।


एटीएम से छह हजार रुपये निकालने घर से निकला था मोहित, अगले दिन मिला शव 

मृतक मोहित दुर्गपुर गांव निवासी सत्येंद्र सिंह उर्फ अलगू सिंह का 14 वर्षीय पुत्र था और वह स्थानीय स्कूल में आठवीं कक्षा में पढ़ता था। बीते 27 अक्टूबर की शाम वह करथ गांव स्थित एटीएम से छह हजार रुपये निकालने के लिए घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की, किंतु कोई सुराग नहीं मिला। इसके अगले दिन यानी 28 अक्टूबर की सुबह करथ गांव स्थित बिरहर करहा के समीप उसका शव बरामद हुआ, जिसके शरीर पर गंभीर चोट के निशान थे। बेटे की इस तरह बेरहमी से हत्या की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।


पिता के बयान पर प्राथमिकी दर्ज, तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हुई मां की गिरफ्तारी 

घटना के संबंध में मृतक के पिता सत्येंद्र सिंह उर्फ अलगू सिंह के फर्दबयान पर तरारी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी, जिसमें दुर्गपुर गांव निवासी बुधन सिंह के पुत्र संतोष कुमार को नामजद आरोपी बनाया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर अनुसंधान को आगे बढ़ाया। पीरो एसडीपीओ कन्हैया कुमार ने बताया कि जांच के दौरान मां मानती देवी और आरोपी संतोष कुमार के बीच प्रेम संबंध तथा मोहित द्वारा इसका विरोध करने का मामला स्पष्ट हुआ। इसी आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मृतक की मां को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।


दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था मोहित, हंसता-खेलता परिवार तबाह 

मोहित अपने दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था। उसके परिवार में छोटा भाई रोहित कुमार और बहन डौली कुमारी हैं। इस मर्मस्पर्शी घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और हर कोई स्तब्ध है। माता-पिता ने अपने लाल के भविष्य को लेकर जो सुनहरे सपने संजोए थे, वे इस खूनी वारदात के बाद एक झटके में बिखर गए हैं। पुलिस इस संवेदनशील मामले के हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है ताकि हत्याकांड से जुड़े सभी चेहरे बेनकाब हो सकें।


आशीष की रिपोर्ट