आरा के रमना मैदान में 7 साइड फुटबॉल टूर्नामेंट ‘आरा कप-2026’ का शानदार आगाज, पहले दिन खेले गए रोमांचक मुकाबले

भोजपुर जिले के आरा शहर स्थित ऐतिहासिक रमना मैदान में ‘आरा कप-2026’ का भव्य शुभारंभ हुआ। इस टूर्नामेंट में आठ टीमों ने लिया हिस्सा। उद्घाटन दिवस पर नॉकआउट पद्धति के आधार पर क्वार्टर फाइनल के चार रोमांचक मुकाबले खेले गए....

आरा के रमना मैदान में 7 साइड फुटबॉल टूर्नामेंट ‘आरा कप-2026’
आरा के रमना मैदान में फुटबॉल टूर्नामेंट ‘आरा कप-2026’ का शानदार आगाज- फोटो : आशीष श्रीवास्तव

Arrah : शहर के ऐतिहासिक रमना मैदान में रविवार को 7 साइड फुटबॉल टूर्नामेंट ‘आरा कप-2026’ का भव्य आगाज हुआ। दो दिवसीय इस खेल प्रतियोगिता में कुल आठ नामचीन टीमों ने हिस्सा लिया। उद्घाटन दिवस पर नॉकआउट पद्धति के आधार पर क्वार्टर फाइनल के चार रोमांचक मुकाबले खेले गए, जिनकी शुरुआत अतिथियों द्वारा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर की गई। इस प्रतियोगिता में किंग ऑफ सेवन फुटबॉल क्लब, एसके क्लब वलीगंज, युवा फुटबॉल क्लब दक्षिण एकौना, आरा एरो, आरा स्पोर्टिंग क्लब, गोल्डन बेबी फुटबॉल अकादमी, आरएसएस फुटबॉल क्लब और आरा फुटबॉल क्लब की टीमों ने अपनी दावेदारी पेश की।


पहले और दूसरे क्वार्टर फाइनल में किंग ऑफ सेवन व आरा एरो ने दर्ज की शानदार जीत 

प्रतियोगिता के पहले क्वार्टर फाइनल मुकाबले में किंग ऑफ सेवन फुटबॉल क्लब ने एसके क्लब वलीगंज के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए 4-0 से करारी शिकस्त दी। विजेता टीम की ओर से मृत्युंजय कुमार ने दो, जबकि रवि कुमार और धीरज कुमार ने एक-एक गोल दागा। वहीं, दूसरे क्वार्टर फाइनल में आरा एरो और युवा फुटबॉल क्लब दक्षिण एकौना के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला, जिसमें आरा एरो ने 1-0 से जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।


पेनल्टी शूटआउट और ट्राईब्रेकर के जरिए गोल्डन बेबी अकादमी और आरा स्पोर्टिंग ने बनाई अंतिम चार में जगह 

तीसरा क्वार्टर फाइनल मुकाबला गोल्डन बेबी फुटबॉल अकादमी और आरा फुटबॉल क्लब के बीच खेला गया, जिसमें निर्धारित समय तक दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर रहीं। इसके बाद पेनल्टी शूटआउट में गोल्डन बेबी अकादमी ने 3-0 से जीत हासिल की। वहीं, चौथे और अंतिम क्वार्टर फाइनल में आरएसएस फुटबॉल क्लब और आरा स्पोर्टिंग क्लब के बीच मुकाबला निर्धारित समय तक गोलरहित रहा, जिसके बाद ट्राईब्रेकर में आरा स्पोर्टिंग क्लब ने बाजी मारते हुए सेमीफाइनल का टिकट कटाया।


उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी सम्मानित, सोमवार को होंगे खिताबी मुकाबले 

चारों मुकाबलों में बेहतरीन खेल दिखाने वाले खिलाड़ियों को 'मैन ऑफ द मैच' के पुरस्कार से सम्मानित किया गया, जिसमें सनी कुमार, कृष्णा कुमार, अमृत राज और विनय सिंह शामिल रहे। मैच में निर्णायक की भूमिका विनीत कुमार, रंजन सिंह, सुनील यादव, नितीन कुमार और धर्मेश उपाध्याय ने निभाई। टूर्नामेंट के दूसरे और अंतिम दिन सोमवार को दो सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबला खेला जाएगा, जिसके बाद विजेता टीम पर ताजS सजेगा।


बिहार फुटबॉल संघ के अध्यक्ष समेत कई दिग्गज खिलाड़ी सम्मानित, खेलप्रेमियों में उत्साह 

कार्यक्रम के दौरान बिहार फुटबॉल संघ के अध्यक्ष जय बहादुर सिंह सहित जिले के दर्जनों पूर्व एवं वरिष्ठ फुटबॉल खिलाड़ियों को अंग वस्त्र और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस सफल आयोजन से आरा के खेलप्रेमियों और खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजन को सफल बनाने में राजकुमार, भीम लाल, समीर श्रीवास्तव, विशाल सिंह, रविन्द्र सिंह सहित अन्य खेलप्रेमियों ने अहम भूमिका निभाई।


आशीष की रिपोर्ट