Republic Day 2026: रमना मैदान में लहराया तिरंगा, संविधान की शान में भोजपुर का सलाम, 77वें गणतंत्र दिवस पर झांकियों ने विकास की तस्वीर पेश की
Republic Day 2026: भोजपुर जिले के ऐतिहासिक रमना मैदान में 77वें गणतंत्र दिवस का जश्न पूरी शान-ओ-शौकत और सियासी गरिमा के साथ मनाया गया।
Republic Day 2026: भोजपुर जिले के ऐतिहासिक रमना मैदान में 77वें गणतंत्र दिवस का जश्न पूरी शान-ओ-शौकत और सियासी गरिमा के साथ मनाया गया। लोकतंत्र की रूह और संविधान की ताक़त को सलाम करते हुए भोजपुर के जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया ने झंडा तोलन किया और परेड की सलामी ली। तिरंगे के फहराते ही मैदान “भारत माता की जय” और “संविधान ज़िंदाबाद” के नारों से गूंज उठा, मानो रमना मैदान खुद गवाह बन गया हो जनतंत्र के इस ऐतिहासिक पर्व का।
समारोह की शुरुआत परंपरागत अनुशासन के साथ हुई। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने परेड का निरीक्षण किया, जवानों की कदमताल में राष्ट्रभक्ति की गूंज साफ़ महसूस की गई। इसके बाद झंडा तोलन के साथ ही संविधान के उस सफ़र को याद किया गया, जिसने भारत को एक संप्रभु, समाजवादी, धर्मनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक गणराज्य का दर्जा दिया।
गणतंत्र दिवस के इस मुबारक मौके पर विभिन्न विभागों की झांकियों ने विकास की तस्वीर पेश की। शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक न्याय और बुनियादी ढांचे से जुड़ी झांकियों ने यह पैग़ाम दिया कि शासन केवल सत्ता नहीं, बल्कि जनता की सेवा का नाम है। हर झांकी में नीतियों और नीयत का आईना झलक रहा था।
जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया ने जिलेवासियों को बधाई देते हुए कहा कि 77वां गणतंत्र दिवस हम सबके लिए फ़ख़्र का दिन है। यह दिन उन वीर शहीदों को याद करने का मौका है, जिन्होंने अपनी जान की कुर्बानी देकर हमें आज़ादी और संविधान की सौग़ात दी। उन्होंने कहा कि भोजपुर जिला लगातार विकास के उत्तरोत्तर पथ पर अग्रसर है और आने वाले दिनों में यह रफ्तार और तेज़ होगी।
समारोह में जिला परिषद के प्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आम नागरिक मौजूद रहे। रमना मैदान में उमड़ा जनसैलाब इस बात का सबूत था कि संविधान आज भी जनता की सबसे बड़ी ताक़त है और गणतंत्र दिवस केवल एक तारीख़ नहीं, बल्कि लोकतंत्र के जश्न का एलान है।
रिपोर्ट- आशीष कुमार