अरवल में खूनी खेल: अपराधियों ने ठेकेदार के सीने में उतारी गोलियां, मौत के तांडव से पुलिसिया इकबाल पर उठे सवाल!
बिहार के अरवल जिले में अपराधियों के बढ़ते मनोबल ने एक बार फिर पुलिस प्रशासन को चुनौती दी है। करपी थाना क्षेत्र के अंधराचक गांव में सोमवार को दिनदहाड़े एक भवन निर्माण ठेकेदार की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
Arwal -: बिहार के अरवल जिले के करपी में सोमवार को अपराधियों ने दिनदहाड़े एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। शहर तेलपा थाना क्षेत्र के अंधराचक गांव में अज्ञात अपराधियों ने 45 वर्षीय ठेकेदार संजय पंडित की गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय ग्रामीणों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
सफाई करवा रहे ठेकेदार को घर से बाहर बुलाकर मारी गोली
मृतक संजय पंडित महावीरगंज गांव का रहने वाला था और वर्तमान में देवकुंड में मकान बनाकर रह रहा था। अंधराचक में भी उनका एक मकान था, जहां पहले वे पोल्ट्री फार्म चलाते थे। सोमवार सुबह लगभग 10 बजे संजय अपने अंधराचक स्थित मकान की सफाई करवा रहे थे। इसी दौरान एक ऑटो और बाइक पर सवार अपराधी वहां पहुंचे। बाइक सवार बदमाशों ने संजय को घर से बाहर बुलाया और उन पर बेहद नजदीक से गोलियां बरसा दीं। गोली लगते ही उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटनास्थल से बरामद हुए खोखे, फॉरेंसिक टीम ने की जांच
वारदात की सूचना मिलते ही शहर तेलपा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से दो खाली खोखा बरामद किया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। दिन के उजाले में हुई इस हत्या ने पुलिस की गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है।
एसपी ने किया SIT का गठन, डीएसपी करेंगी नेतृत्व
अरवल के पुलिस अधीक्षक (SP) डॉ. नवजोत सिंह सिमी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। इस टीम का नेतृत्व डीएसपी कृति कमल कर रही हैं। एसपी ने निर्देश दिया है कि मामले की गहन जांच कर अपराधियों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाए। पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है, हालांकि अभी तक हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।
पुलिस के खिलाफ फूटा ग्रामीणों का गुस्सा
इस जघन्य हत्याकांड के बाद स्थानीय लोगों में पुलिस की कार्यशैली को लेकर काफी नाराजगी है। आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और इलाके में बढ़ते अपराध पर चिंता जताई। लोगों का आरोप है कि पुलिस की ढिलाई के कारण ही अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे दिनदहाड़े हत्या जैसे कांड को अंजाम दे रहे हैं।