आनंद मोहन के बाद अब चेतन आनंद भी मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिलने पर खूब बरसे, जाहिर किया असंतोष

चेतन आनंद ने मंत्रिमंडल गठन को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि संभवतः इसमें जातीय समीकरण को प्राथमिकता दी गई होगी। वे 15 जिलों से किसी को मंत्री नहीं बनाए जाने पर खूब बोले.

Chetan Anand
Chetan Anand- फोटो : news4nation

Chetan Anand :  बिहार की सत्तारूढ़ एनडीए सरकार के भीतर असंतोष की आवाजें एक बार फिर सुनाई देने लगी हैं। नवीनगर से जेडीयू विधायक चेतन आनंद ने बिहार मंत्रिमंडल में कई जिलों को प्रतिनिधित्व नहीं मिलने का मुद्दा उठाते हुए अपना असंतोष जाहिर किया है। उनके बयान को सरकार और गठबंधन के भीतर बढ़ते असंतोष के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। औरंगाबाद में मीडिया से बातचीत के दौरान चेतन आनंद ने कहा कि सिर्फ औरंगाबाद ही नहीं, बल्कि बिहार के करीब 15 ऐसे जिले हैं, जहां से एक भी मंत्री नहीं बनाया गया है। उन्होंने कहा कि औरंगाबाद जिले से एनडीए के पांच विधायक जीतकर विधानसभा पहुंचे, लेकिन इसके बावजूद जिले को मंत्रिमंडल में कोई स्थान नहीं मिला।


चेतन आनंद ने मंत्रिमंडल गठन को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि संभवतः इसमें जातीय समीकरण को प्राथमिकता दी गई होगी। उन्होंने कहा, "मंत्रिमंडल गठन में शायद जातीय समीकरण देखा गया होगा। हालांकि किस आधार पर मंत्री बनाए गए हैं, यह तो पार्टी का शीर्ष नेतृत्व ही बेहतर जानता है। इस मुद्दे पर हम बोलने वाले कौन हैं, न हम तीन में हैं और न हम पांच में हैं।"


राजनीतिक जानकार चेतन आनंद के इस बयान को महज व्यक्तिगत टिप्पणी नहीं, बल्कि सत्तारूढ़ गठबंधन के भीतर मौजूद असंतोष की अभिव्यक्ति के रूप में देख रहे हैं।  जेडीयू के एक विधायक द्वारा सार्वजनिक रूप से मंत्रिमंडल के गठन और प्रतिनिधित्व पर सवाल उठाना कई राजनीतिक संकेत दे रहा है।


गौरतलब है कि चेतन आनंद के पिता और पूर्व सांसद आनंद मोहन भी पिछले कुछ समय से अपनी ही पार्टी जेडीयू और सरकार की कार्यशैली को लेकर सवाल उठाते रहे हैं। आनंद मोहन ने हाल के महीनों में कई सार्वजनिक मंचों से आरोप लगाया था कि पार्टी और सरकार में योग्य कार्यकर्ताओं की बजाय "थैली देने वालों" को पद और महत्व दिया जा रहा है। उनके इस बयान ने उस समय बिहार की राजनीति में काफी हलचल मचाई थी।


आनंद मोहन ने संगठन और सरकार में निर्णय लेने की प्रक्रिया को लेकर भी नाराजगी जताई थी। अब बेटे चेतन आनंद का मंत्रिमंडल में क्षेत्रीय और जातीय प्रतिनिधित्व को लेकर दिया गया बयान उन चर्चाओं को फिर हवा दे रहा है कि एनडीए के भीतर सब कुछ सामान्य नहीं है।

दीनानाथ मौआर की रिपोर्ट