बुरे फंसे प्रशांत किशोर, कोर्ट ने जारी किया नोटिस ! भाजपा सांसद संजय जायसवाल के खिलाफ बयान से बढ़ी मुसीबत

सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने प्रशांत किशोर के खिलाफ मानहानि का मामला दायर किया था। अब सीसी मामले में प्रशांत किशोर की मुश्किलें बढ़ गई हैं. अदालत ने उन्हें नोटिस जारी किया है.

Prashant Kishor
Prashant Kishor - फोटो : news4nation

 जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर को पश्चिम चंपारण से भाजपा सांसद और लोकसभा के सचेतक डॉ. संजय जायसवाल द्वारा दायर मानहानि मामले में अदालत से नोटिस जारी किया गया है। बेतिया व्यवहार न्यायालय ने मामले में संज्ञान लेते हुए प्रशांत किशोर को अदालत में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया है। इस संबंध में सांसद डॉ. संजय जायसवाल के अधिवक्ता चंद्रिका कुशवाहा ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि अदालत ने याचिका पर सुनवाई के बाद नोटिस जारी किया है। 


उन्होंने कहा कि अब प्रशांत किशोर को निर्धारित तिथि पर न्यायालय में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखना होगा। दरअसल, सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने प्रशांत किशोर के खिलाफ मानहानि का मामला दायर किया था। याचिका में आरोप लगाया गया है कि 13 सितंबर 2025 को एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान प्रशांत किशोर ने डॉ. जायसवाल को लेकर आपत्तिजनक और मानहानिकारक टिप्पणियां की थीं। याचिका के अनुसार, उन्होंने सांसद को "तेल चोर" कहकर संबोधित किया था।


इसके अलावा अगस्त 2025 में भी प्रशांत किशोर ने एक बड़ी जनसभा के दौरान बेतिया फ्लाईओवर निर्माण के अलाइनमेंट को लेकर सांसद पर व्यक्तिगत लाभ के लिए काम कराने का आरोप लगाया था। याचिका में दावा किया गया है कि उस दौरान सांसद के खिलाफ कई अन्य कथित आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणियां भी की गईं, जिससे उनकी सार्वजनिक छवि को नुकसान पहुंचा।


सांसद की ओर से दायर याचिका में यह भी कहा गया है कि इन बयानों से न केवल उनकी व्यक्तिगत प्रतिष्ठा प्रभावित हुई, बल्कि उनके पूरे परिवार की सामाजिक और सार्वजनिक छवि को भी ठेस पहुंची है। इसी आधार पर अदालत से मानहानि मामले में कार्रवाई की मांग की गई थी।


अधिवक्ता चंद्रिका कुशवाहा के अनुसार, न्यायालय ने प्रथम दृष्टया मामले को सुनवाई योग्य मानते हुए नोटिस जारी किया है। अब आगामी सुनवाई में प्रशांत किशोर का पक्ष भी सुना जाएगा, जिसके बाद मामले में आगे की न्यायिक प्रक्रिया तय होगी। बिहार की राजनीति में सक्रिय दो प्रमुख चेहरों के बीच यह कानूनी विवाद अब अदालत पहुंच चुका है। ऐसे में इस मामले की अगली सुनवाई और प्रशांत किशोर की प्रतिक्रिया पर राजनीतिक गलियारों की नजरें टिकी हुई हैं।

आशीष की रिपोर्ट