बिहार के दो कोर्ट में बम की दहशत: औरंगाबाद और भागलपुर व्यवहार न्यायालय को उड़ाने की धमकी, सुरक्षा सख्त

सोमवार को औरंगाबाद और भागलपुर व्यवहार न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकी मिली। औरंगाबाद कोर्ट के आधिकारिक ईमेल पर आरडीएक्स (RDX) प्लांट करने की सूचना मिलने के बाद पूरे परिसर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया

बिहार के दो कोर्ट में बम की दहशत: औरंगाबाद और भागलपुर व्यवहा

Aurangabad/Bhagalpur : बिहार के न्यायिक परिसरों को निशाना बनाने की धमकियों का सिलसिला थम नहीं रहा है। सोमवार को औरंगाबाद और भागलपुर के व्यवहार न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पूरे राज्य में हड़कंप मच गया। दोनों ही जिलों में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं और कोर्ट परिसरों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

औरंगाबाद: मेल के जरिए मिली RDX बम की सूचना

औरंगाबाद व्यवहार न्यायालय परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब न्यायालय के आधिकारिक ईमेल पर आरडीएक्स (RDX) बम प्लांट किए जाने की सूचना मिली। इस खबर के फैलते ही कोर्ट परिसर में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। प्रधान जिला जज ने स्वयं मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन को अलर्ट किया गया और सुरक्षा के मद्देनजर तत्काल प्रभाव से पूरे कोर्ट परिसर को खाली करा लिया गया।

पुलिस छावनी में बदला कोर्ट, बम निरोधक दस्ता तैनात

धमकी मिलने के बाद औरंगाबाद कोर्ट परिसर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। नगर थाना सहित जिले के कई थानों की पुलिस बल मौके पर तैनात है। बम निरोधक दस्ता (Bomb Squad) मेटल डिटेक्टर और खोजी कुत्तों की मदद से चप्पे-चप्पे की सघन जांच कर रहा है। अधिवक्ताओं, कर्मचारियों और आम लोगों को परिसर से बाहर कर गेट बंद कर दिए गए हैं।

भागलपुर: वकीलों ने ठप किया न्यायिक कामकाज

दूसरी ओर, भागलपुर व्यवहार न्यायालय को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई। सोमवार को धमकी मिलने के बाद सुरक्षा को लेकर आशंकित अधिवक्ताओं ने एहतियातन न्यायिक कार्य पूरी तरह बंद रखा। अधिवक्ताओं का कहना है कि जब तक सुरक्षा सुनिश्चित नहीं होती, वे काम पर नहीं लौटेंगे। धमकी की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम ने पूरे परिसर को खंगाला।

जांच में नहीं मिली कोई संदिग्ध वस्तु

भागलपुर पुलिस प्रशासन के अनुसार, अब तक की जांच में कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। हालांकि, धमकी की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कोर्ट की सुरक्षा बढ़ा दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह धमकी भरा संदेश कहां से भेजा गया था और इसके पीछे किसका हाथ है।

बिहार के कोर्ट परिसरों की सुरक्षा पर सवाल

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी बिहार के पांच अन्य जिलों के न्यायालयों में बम होने की खबरें सामने आई थीं। बार-बार मिल रही इन धमकियों ने न्यायिक परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस महानिदेशक कार्यालय द्वारा सभी जिलों को संवेदनशील संस्थानों, विशेषकर कोर्ट परिसरों की सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।

Report - dinanath mauaar, aurangabad or anjanee kumar kashyap bhagalpur