वाल्मीकिनगर में हेली सेवा शुरू होने पर सांसद सुनील कुमार ने जताई खुशी, कहा-पर्यटन को लगेंगे नए पंख
सूबे में पर्यटन को नए पंख लगाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री द्वारा सोमवार को महत्वाकांक्षी 'हेली टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना' का भव्य शुभारंभ किया गया। इस योजना को लेकर सांसद सुनील कुमार ने खुशी जताई है....
Bagha/Patna : बिहार के इकलौते टाइगर रिजर्व क्षेत्र वाल्मीकिनगर में बहुप्रतीक्षित हेलीकॉप्टर सेवा (Helicopter Service) की शुरुआत होने पर स्थानीय सांसद सुनील कुमार ने गहरी प्रसन्नता व्यक्त की है। सांसद ने इस ऐतिहासिक शुरुआत को क्षेत्र के विकास के लिए एक बड़ा मील का पत्थर बताया है। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों और देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए यह हवाई सेवा मील का पत्थर साबित होगी, जिससे पूरे चंपारण क्षेत्र में पर्यटन और रोजगार को जबरदस्त बढ़ावा मिलेगा।
पिछले दो वर्षों से लगातार जारी थे प्रयास
सांसद सुनील कुमार ने बताया कि वाल्मीकिनगर को हवाई संपर्क से जोड़ने के लिए वे पिछले दो वर्षों से संसद से लेकर नागरिक उड्डयन मंत्रालय तक लगातार प्रयासरत थे। उन्होंने लोकसभा में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। इसके बाद, 29 जुलाई 2024 को वाल्मीकिनगर में एयरपोर्ट निर्माण की नींव रखने के लिए उन्होंने भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) की सचिव रुबीना अली से मुलाकात कर इस योजना की मजबूत पहल की थी।
केंद्रीय मंत्री से मुलाकात और आम बजट में मिली बड़ी सौगात
सांसद ने अपने प्रयासों का ब्योरा देते हुए बताया कि 06 फरवरी 2025 को उन्होंने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू से मुलाकात कर वाल्मीकिनगर हवाई अड्डे को विकसित करने और यहां से छोटे घरेलू विमानों के परिचालन का विशेष अनुरोध किया था। इन निरंतर प्रयासों का ही परिणाम रहा कि देश के आम बजट 2025-26 में 'उड़ान योजना' के तहत बिहार के छह चुनिंदा एयरपोर्ट्स को घरेलू विमानों के लिए विकसित करने का निर्णय लिया गया, जिसमें वाल्मीकिनगर भी शामिल है।
38.64 करोड़ से संवरेगा रनवे, 18 जुलाई से शुरू होगी नियमित उड़ान
वाल्मीकिनगर एयरपोर्ट के विस्तार को लेकर सांसद ने बताया कि 38.64 करोड़ रुपये की लागत से टर्मिनल और रनवे के निर्माण के लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया द्वारा निविदा (Tender) प्रकाशित की जा चुकी है और भूमि अधिग्रहण का काम भी तेजी से चल रहा है। इसी बीच, पर्यटकों की सुविधा के लिए तात्कालिक तौर पर हेली सर्विस की शुरुआत कर दी गई है। आगामी 18 जुलाई से प्रत्येक शनिवार और रविवार को वाल्मीकिनगर से पटना के बीच नियमित उड़ान शुरू हो जाएगी, जिसका एक तरफ का किराया 5,000 रुपये प्रति व्यक्ति निर्धारित किया गया है।
पीएम मोदी, नीतीश कुमार और सीएम सम्राट चौधरी का जताया आभार
इस बड़ी उपलब्धि पर सांसद सुनील कुमार ने देश और राज्य के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार प्रकट किया है। उन्होंने वाल्मीकिनगर को इस ऊंचाई तक पहुंचाने के लिए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सहित केंद्र व राज्य सरकार को चंपारण की जनता की ओर से सहृदय धन्यवाद दिया है।
नागेन्द्र की रिपोर्ट