Bihar News : बगहा में रिटायर शिक्षक के बंद घर को चोरों ने बनाया निशाना, लाखों के सामान पर किया हाथ साफ़, इलाके में मचा हड़कंप
Bihar News : पश्चिम चंपारण के भैरोगंज थाना क्षेत्र में चोरों ने पुलिस प्रशासन को खुली चुनौती देते हुए चोरी की एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है......पढ़िए आगे
BAGAHA : पश्चिम चंपारण के भैरोगंज थाना क्षेत्र में चोरों ने पुलिस प्रशासन को खुली चुनौती देते हुए चोरी की एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। हैरानी की बात यह है कि चोरी की यह घटना थाना से महज 500 मीटर की दूरी पर, मुख्य सड़क के किनारे स्थित एक मकान में हुई है। चोरों ने एक सेवानिवृत्त शिक्षक के बंद घर को निशाना बनाया और लाखों के कीमती सामान तथा सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया।
गाँव गया था परिवार
मिली जानकारी के अनुसार, सेवानिवृत्त शिक्षक बीरेंद्र चौबे का पूरा परिवार छठ पूजा मनाने के लिए अपने पैतृक गांव गया हुआ था। घर के मुख्य दरवाजे से लेकर सभी कमरों में ताला बंद था। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने सुनियोजित तरीके से घर में प्रवेश किया और एक-एक कमरे को खंगाल डाला। चोर घर में रखे कीमती सामान, सोने-चांदी के गहने सहित अन्य बहुमूल्य वस्तुएं लेकर फरार हो गए।
समान लेने आया गृह स्वामी का नाती
चोरी की इस वारदात का खुलासा तब हुआ, जब मकान मालिक का नाती सुबह किसी जरूरी सामान को लेने घर पहुंचा। घर के दरवाजे और तालों की हालत देखकर उसके होश उड़ गए। ताले टूटे हुए थे और घर में सामान बिखरा पड़ा था। उसने तत्काल आसपास के लोगों को इसकी सूचना दी, जिसके बाद चोरी की घटना की जानकारी सबको हुई।बताया जा रहा है कि चोर लैपटॉप भी ले गए है जो पड़ोसी नागेंद्र प्रसाद की छत पर लैपटॉप छोड़ गए थे। इस घटना ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस भैरोगंज थाने से महज 500 मीटर की दूरी पर मुख्य सड़क के किनारे यह मकान स्थित है, वहां चोर इतनी बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं।
बंद पड़े घरों की सुरक्षा
आखिर चोरों के हौसले इतने बुलंद कैसे हैं? क्या इलाके में पुलिस की गश्ती पर्याप्त है? क्या त्योहारों के दौरान बंद पड़े घरों की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन ने कोई विशेष व्यवस्था की थी? फिलहाल इस चोरी की घटना से इलाके के लोगों में दहशत और आक्रोश का माहौल है। अब देखना यह होगा कि पुलिस इस मामले में कितनी तत्परता दिखाती है और चोरी की इस बड़ी वारदात का खुलासा कर चोरों तक कब पहुंच पाती है।
नागेन्द्र की रिपोर्ट