BANKA : जिले के फुल्लीडुमर थाना क्षेत्र के नगरडीह गांव में होली खेलने के विवाद में गोलीबारी हो गई, जिसमें 20 वर्षीय युवक अजय कुमार और 65 वर्षीय त्रिवेणी यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना शुक्रवार को हुई, जब अजय कुमार कहीं जा रहा था। रास्ते में उसने देखा कि कुछ लोग किसी बात को लेकर विवाद कर रहे थे। इस दौरान गांव के ही छोटू कुमार ने अचानक फायरिंग कर दी, जिससे अजय कुमार को गोली लग गई। वहीं, विवाद के दौरान त्रिवेणी यादव को भी ईंट पत्थर से हमला कर जख्मी कर दिया है।
दोनों घायलों की स्थिति गंभीर
परिजनों ने घायल अजय कुमार को तुरंत अमरपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए भागलपुर मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं, त्रिवेणी यादव को भी गंभीर हालत में सदर अस्पताल, बांका रेफर किया गया । गोलीबारी की घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही फुल्लीडुमर थाना अध्यक्ष बबलू कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष बबलू कुमार ने कहा की प्रथम दृष्टया यह मामला होली खेलने के विवाद से जुड़ा हुआ लग रहा है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। आरोपी छोटू कुमार की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
गांव में पुलिस बल तैनात
घटना को लेकर स्थानीय लोगों से पूछताछ जारी है। गोलीबारी के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है। उधर घायलों के परिवारवालों का रो-रोकर बुरा हाल है। अजय कुमार के परिजन उसकी सलामती के लिए दुआ कर रहे हैं, वहीं त्रिवेणी यादव के परिवार वाले भी उनकी स्थिति को लेकर चिंतित हैं।
क्या होली के रंग में बिगड़ी बात?
गांव में चर्चा है कि यह विवाद होली खेलने के दौरान हुई किसी कहासुनी से शुरू हुआ, जो बाद में गोलीबारी में बदल गया। हालांकि, पुलिस अब भी मामले की गहनता से जांच कर रही है और जल्द ही सच्चाई सामने आने की उम्मीद है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में खुलासा होगा कि गोलीबारी का असली कारण क्या था।
बांका से चंद्रशेखर कुमार की रिपोर्ट