Bihar News : बांका में अवैध बालू खनन और परिवहन पर प्रशासन का शिकंजा, खनन टीम ने 3 वाहन किए जब्त, 4.20 लाख का लगाया जुर्माना

Bihar News : बांका जिला खनन टीम ने सुनियोजित तरीके से संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया। अभियान के दौरान बाराहाट थाना क्षेत्र से तीन वाहनों को जब्त किया गया....पढ़िए आगे

Bihar News : बांका में अवैध बालू खनन और परिवहन पर प्रशासन का
वाहन जब्त - फोटो : CHANDRASHEKHAR

BANKA : बांका जिला पदाधिकारी अंशुल अग्रवाल के सख्त निर्देशों के आलोक में जिले भर में अवैध बालू खनन, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में गुप्त सूचना के आधार पर जिला खनन टीम ने सुनियोजित तरीके से संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया। इस विशेष कार्रवाई के दौरान पुलिस और खनन विभाग की टीम ने बाराहाट थाना क्षेत्र से अवैध खनन व परिवहन में संलिप्त कुल तीन वाहनों को मौके से जब्त किया है।

छापेमारी के दौरान जब्त किए गए वाहनों के विरुद्ध कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए कुल 4 लाख 20 हजार रुपये का भारी-भरकम आर्थिक दंड (फाइन) अधिरोपित किया गया है। इसके अलावा, अवैध बालू के इस काले कारोबार में शामिल संबंधित वाहन चालकों एवं धंधेबाजों के खिलाफ संबंधित थाने में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है तथा पुलिस आगे की दंडात्मक कार्रवाई में जुट गई है। प्रशासन की इस अचानक हुई कार्रवाई से अवैध बालू कारोबारियों और माफियाओं के बीच हड़कंप मच गया है।

जिला प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि जिले में प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन, अवैध बालू खनन, अवैध परिवहन और अवैध भंडारण पर पूरी तरह प्रभावी नियंत्रण लगाने के लिए लगातार संघन जांच एवं छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। जिला पदाधिकारी सह समाहर्ता अंशुल अग्रवाल ने सभी संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं कि अवैध खनन की कोई भी सूचना मिलते ही बिना किसी देरी के त्वरित और कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

डीएम ने कड़े शब्दों में चेतावनी दी है कि नियमों की अनदेखी कर बालू के अवैध कारोबार में लिप्त पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त से सख्त आर्थिक व कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन की ओर से जिले के सभी संवेदनशील क्षेत्रों, बालू घाटों और परिवहन मार्गों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

बांका से चंद्रशेखर कुमार भगत कि रिपोर्ट