Banka Shravani Fair 2026: श्रद्धालुओं की सुविधा पर फोकस, बांका प्रशासन ने श्रावणी मेला तैयारियों की समीक्षा की

Banka Shravani Fair 2026: श्रावणी मेला 2026 के सफल संचालन को लेकर जिला पदाधिकारी अंशुल अग्रवाल और पुलिस अधीक्षक ने कांवरिया पथ का निरीक्षण किया। स्वास्थ्य, स्वच्छता, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं की समीक्षा करते हुए कई आवश्यक निर्देश दिए गए।

Shravani Fair 2026

Banka Shravani Fair 2026: विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2026 के सफल, सुरक्षित और सुचारु संचालन को सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन लगातार तैयारियों की निगरानी कर रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को जिला पदाधिकारी अंशुल अग्रवाल और पुलिस अधीक्षक ने कांवरिया पथ का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने धौरी सहित आसपास के विभिन्न सेक्टरों का भ्रमण कर श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध कराई गई सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था का विस्तृत जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान सभी सेक्टर पदाधिकारी अपने-अपने निर्धारित स्थानों पर मौजूद मिले। जिला पदाधिकारी ने उनसे उनके कार्यों की जानकारी ली और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े सभी कार्यों को पूरी जिम्मेदारी के साथ करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

डीएम ने अस्थायी चिकित्सा शिविर का निरीक्षण किया

निरीक्षण के दौरान डीएम ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित अस्थायी चिकित्सा शिविर का भी निरीक्षण किया। जांच के दौरान चिकित्सा शिविर अपेक्षाकृत किनारे स्थित पाया गया। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि चिकित्सा शिविर को मंदिर के समीप स्थापित किया जाए, ताकि कांवरिया श्रद्धालुओं को यह आसानी से दिखाई दे और जरूरत पड़ने पर उन्हें तत्काल चिकित्सा सुविधा मिल सके।

डीएम ने शौचालयों और स्नानागारों का निरीक्षण किया

इसके बाद जिला पदाधिकारी ने लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग द्वारा संचालित शौचालयों और स्नानागारों का निरीक्षण किया। उन्होंने विभाग के कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया कि सभी शौचालयों, स्नानागारों और विभागीय परिसरों में नियमित रूप से साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान लाखों श्रद्धालु कांवरिया पथ से गुजरते हैं, इसलिए स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए।

डीएम और एसपी ने कांवरिया श्रद्धालुओं से बातचीत की

निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने कांवरिया श्रद्धालुओं से बातचीत भी की। उन्होंने श्रद्धालुओं से प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया। श्रद्धालुओं ने जिला प्रशासन की ओर से की गई व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया और सुविधाओं को सराहनीय बताया। निरीक्षण के अंत में जिला पदाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता से जुड़ी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी स्तर पर कोई कमी सामने आती है तो उसका तुरंत समाधान किया जाए, ताकि श्रावणी मेला के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सुगम यात्रा का अनुभव मिल सके। जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि श्रावणी मेला 2026 के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और उनकी यात्रा पूरी तरह सुरक्षित एवं व्यवस्थित रहे।

बांका से चंद्रशेखर कुमार भगत कि रिपोर्ट