Bihar Crime News : बांका पुलिस ने छापेमारी कर गांजा की बड़ी खेप किया जब्त, मौके से दो भाईयों को किया गिरफ्तार
Bihar Crime News : बांका पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. जहाँ छापेमारी के दौरान गांजा की बड़ी खेप बरामद किया है. वहीँ दो भाईयों को गिरफ्तार किया है......पढ़िए आगे
BANKA : जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बाँका पुलिस ने गुरुवार को बड़ी सफलता हासिल करते हुए 31.2 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने दो चचेरे भाइयों को गिरफ्तार किया है, जो कथित रूप से गांजा के भंडारण और बिक्री के धंधे में संलिप्त थे। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध नशे के कारोबार में लगे लोगों के बीच हड़कंप मच गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, बुधवार की शाम बाँका थाना क्षेत्र के शास्त्री चौक स्थित एक मकान में बड़ी मात्रा में गांजा रखे जाने और उसकी बिक्री किए जाने की गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) अमर विश्वास के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। दंडाधिकारी की उपस्थिति में पुलिस टीम ने शास्त्री चौक स्थित संदिग्ध मकान एवं दुकान पर एक साथ छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस को दो बड़े बोरों में छिपाकर रखा गया कुल 31.2 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। मौके से पुलिस ने छोटू कुमार एवं संतोष कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों के बीच चचेरे भाई का संबंध होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस को आशंका है कि दोनों लंबे समय से इस अवैध कारोबार से जुड़े हो सकते हैं।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बरामद गांजा की मात्रा काफी अधिक है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि इसका उपयोग केवल स्थानीय स्तर पर नहीं बल्कि बड़े नेटवर्क के माध्यम से आपूर्ति के लिए किया जा रहा था। अब पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि गांजा की खेप कहाँ से लाई गई थी और इसकी आपूर्ति किन-किन क्षेत्रों में की जाती थी।
इस संबंध में बाँका थाना कांड संख्या-306/2026 दर्ज किया गया है। दोनों आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 08/20(ii)(c)/25 के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही उनके आपराधिक इतिहास तथा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।पुलिस ने कहा कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। हाल के दिनों में लगातार हो रही कार्रवाई से यह संकेत मिला है कि पुलिस अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए पूरी तरह सक्रिय है।
चंद्रशेखर भगत की रिपोर्ट