Bihar News : बांका पुलिस ने वीडियो यादव हत्याकांड में की बड़ी कार्रवाई, मुख्य शूटर सैंपुल साह और 25-25 हजार के दो इनामी अपराधी को किया गिरफ्तार

Bihar News : बांका पुलिस ने वीडियो यादव हत्याकांड में की बड़ी

BANKA : जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को लगातार बड़ी सफलताएं मिल रही हैं। एक ओर चर्चित विडियो यादव हत्याकांड के मुख्य शूटर सैंपुल साह को गिरफ्तार किया गया है, वहीं दूसरी ओर टॉप-10 सूची में शामिल दो इनामी अपराधियों गोलू राय और गोपाल चौधरी को भी पुलिस ने दबोच लिया है। इन तीनों गिरफ्तारियों को जिले में अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 26 मई 2026 की शाम रजौन थाना क्षेत्र के रूपसा एवं पट्टीचक गांव के बीच अज्ञात अपराधियों ने जमीन कारोबारी  मिथलेश यादव उर्फ विडियो यादव और कुंदन सिंह को गोली मार दी थी। घटना में विडियो यादव की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि कुंदन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे और उनका इलाज मायागंज अस्पताल में चल रहा है।

घटना के उद्भेदन के लिए पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा के निर्देश पर एसडीपीओ  इंद्रजीत बैठा के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई थी। जांच के दौरान अब तक सात आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका था। इसी क्रम में गुप्त सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 20 जून को पुलिस ने कांड के मुख्य शूटर सैंपुल साह को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के समय उसके पास से एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार 22 वर्षीय  सैंपुल साह रजौन थाना क्षेत्र के लहोरिया गोपालपुर गांव का निवासी है और उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, रंगदारी, आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर मामलों में पूर्व से आपराधिक इतिहास दर्ज है। उसकी गिरफ्तारी के साथ ही विडियो यादव हत्याकांड में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है।

इधर, बाराहाट थाना क्षेत्र के दो कुख्यात अपराधियों गोलू कुमार उर्फ सुमन उर्फ गोलू राय तथा गोपाल कुमार उर्फ गोपाल चौधरी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों अपराधी जिला पुलिस की टॉप-10 सूची में शामिल थे तथा उन पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने दोनों को भागलपुर जिले के बरारी थाना क्षेत्र से बिना नंबर की अपाची बाइक के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक दोनों अपराधी सूरज कुमार हत्याकांड और गोली मारकर हत्या के प्रयास जैसे मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे थे। गोलू राय के खिलाफ हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट और अन्य गंभीर धाराओं के आठ से अधिक मामले दर्ज हैं, जबकि गोपाल चौधरी के खिलाफ भी कई संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इन गिरफ्तारियों से जिले में सक्रिय अपराधियों के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार तकनीकी निगरानी और छापेमारी अभियान जारी है। इस छापेमारी में एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, एक बिना नंबर की अपाची बाइक को जब्त किया गया। रजौन हत्याकांड के उद्भेदन में थानाध्यक्ष राज रतन, डीआईयू प्रभारी मनीष कुमार, मुकेश कुमार, विनोद कुमार, शुभम कुमार, डीआईयू टीम एवं सशस्त्र बल शामिल रहे। वहीं बाराहाट के इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी में थानाध्यक्ष अशोक कुमार और तकनीकी शाखा की टीम की अहम भूमिका रही।

बांका से चंद्रशेखर कुमार भगत कि रिपोर्ट