Banka SP Inspection:एक्शन मोड में बांका एसपी अमितेश कुमार,कटोरिया और मैनमा ओपी में एसपी ने खंगाले दस्तावेज,दिए सख्त निर्देश

बांका एसपी अमितेश कुमार ने कटोरिया पुलिस निरीक्षक कार्यालय और मैनमा ओपी का वार्षिक निरीक्षण किया। उन्होंने लंबित मामलों, अवैध शराब और हथियारों के खिलाफ अभियान तेज करने के सख्त निर्देश दिए।

Banka SP Amitesh Kumar Inspection
बांका एसपी अमितेश कुमार ने कटोरिया और मैनमा ओपी का किया वार्षिक निरीक्षण- फोटो : Reporter

बांका जिले में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा पुलिस की कार्यप्रणाली में पूरी पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधीक्षक (एसपी) अमितेश कुमार पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। इसी कड़ी में उन्होंने कटोरिया स्थित पुलिस निरीक्षक कार्यालय और अमरपुर थाना क्षेत्र के मैनमा ओपी का वार्षिक निरीक्षण किया।


कटोरिया और मैनमा ओपी का वार्षिक निरीक्षण

अपने इस निरीक्षण अभियान के दौरान एसपी अमितेश कुमार ने पुलिस कार्यालयों की व्यवस्थाओं, लंबित आपराधिक मामलों, अभिलेखों के रखरखाव और अपराध नियंत्रण की दिशा में की जा रही कार्रवाई की गहन समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों के निष्पादन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


कटोरिया में अपराध नियंत्रण और लंबित कांडों की समीक्षा

कटोरिया स्थित पुलिस निरीक्षक कार्यालय के निरीक्षण के दौरान एसपी ने कार्यालय परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के संधारण और विधि-व्यवस्था से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने पुलिस निरीक्षक को निर्देश दिया कि भीड़भाड़ वाले स्थानों, बाजारों और शहरी इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जाए तथा नियमित वाहन जांच सुनिश्चित हो।


मैनमा ओपी में मालखाना और शस्त्रागार का जायजा

कटोरिया के बाद एसपी ने अमरपुर थाना क्षेत्र के मैनमा ओपी का भी वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ओपी परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के रखरखाव के साथ-साथ मालखाना, शस्त्रागार, हाजत और सीसीटीएनएस से संबंधित कार्यों का जायजा लिया तथा क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली।


फरार अपराधियों और वारंटियों पर शिकंजा कसने का निर्देश

एसपी ने दोनों जगहों पर पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि फरार एवं वारंटी अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज किया जाए। इसके अलावा अपराधियों के ठिकानों पर लगातार छापेमारी करने तथा अवैध शराब और हथियारों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने का कड़ा निर्देश दिया गया।


लंबित कांडों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन पर जोर

निरीक्षण के दौरान एसपी अमितेश कुमार ने लंबित आपराधिक मामलों के अनुसंधान को लेकर विशेष गंभीरता दिखाई। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक कांड की नियमित समीक्षा की जाए और अनुसंधान में अनावश्यक विलंब न करते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।


आमजन की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की हिदायत

एसपी ने पुलिस पदाधिकारियों को आम नागरिकों के प्रति संवेदनशील और जवाबदेह रहने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित किया जाए और प्राप्त शिकायतों का त्वरित, पारदर्शी एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए ताकि जनता का पुलिस पर भरोसा और मजबूत हो सके।


निरीक्षण के दौरान मौजूद रहे प्रमुख पुलिस अधिकारी

इस वार्षिक निरीक्षण के दौरान कटोरिया और अमरपुर क्षेत्र के कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। कटोरिया में बेलहर एसडीपीओ, पुलिस निरीक्षक और थानाध्यक्ष मौजूद रहे, जबकि मैनमा ओपी के निरीक्षण के दौरान बांका एसडीपीओ, पुलिस निरीक्षक, अमरपुर थानाध्यक्ष और मैनमा ओपी अध्यक्ष सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

बांका से चंद्रशेखर कुमार भगत की रिपोर्ट