Bihar News: जनता दरबार का असर, 1.92 लाख का बिजली बिल घटकर 520, डीएम अंशुल अग्रवाल के हस्तक्षेप से परिवार को बड़ी राहत

Bihar News: बांका जिले में जिला पदाधिकारी अंशुल अग्रवाल के जनता दरबार ने एक परिवार की वर्षों पुरानी परेशानी का समाधान कर दिया।..

Banka Woman 1 92 Lakh Power Bill Reduced to Just 520
डीएम के हस्तक्षेप से परिवार को बड़ी राहत- फोटो : reporter

Bihar News: बांका जिले में जिला पदाधिकारी अंशुल अग्रवाल के जनता दरबार ने एक परिवार की वर्षों पुरानी परेशानी का समाधान कर दिया। अमरपुर प्रखंड निवासी  विभा कुमारी के नाम पर लंबे समय से बंद पड़े बिजली कनेक्शन के बावजूद करीब ₹1.92 लाख का बकाया बिजली बिल दर्ज था। डीएम के निर्देश पर हुई विभागीय जांच में बिलिंग की तकनीकी त्रुटि उजागर हुई, जिसके बाद विद्युत विभाग ने संशोधन करते हुए बकाया राशि घटाकर सिर्फ ₹520 कर दी।

जानकारी के अनुसार, गलत बिजली बिल के कारण विभा कुमारी का परिवार लंबे समय से आर्थिक और मानसिक तनाव से गुजर रहा था। समाधान की उम्मीद में उनकी पुत्री ने जिला पदाधिकारी अंशुल अग्रवाल के सोमवार और शुक्रवार को आयोजित होने वाले जनता दरबार में आवेदन देकर पूरे मामले से अवगत कराया।

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने तत्काल विद्युत आपूर्ति प्रमंडल को मामले की जांच के निर्देश दिए। विभागीय अधिकारियों ने विस्तृत जांच की, जिसमें बिलिंग प्रक्रिया में तकनीकी गड़बड़ी सामने आई। इसके बाद आवश्यक सुधार करते हुए करीब ₹1.92 लाख का बकाया बिल घटाकर मात्र ₹520 कर दिया गया।

डीएम अंशुल अग्रवाल ने कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल को निर्देश दिया कि बिजली बिल से जुड़ी सभी शिकायतों की गंभीरता से जांच की जाए और उनका समयबद्ध व प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि विभागीय लापरवाही या तकनीकी त्रुटियों के कारण किसी भी उपभोक्ता को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए।

बिल में संशोधन होने के बाद श्रीमती विभा कुमारी और उनके परिजनों ने जिला प्रशासन एवं डीएम अंशुल अग्रवाल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनता दरबार की पहल आम लोगों की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बन रही है और समय पर कार्रवाई से उन्हें बड़ी राहत मिली है।

रिपोर्ट-चंद्रशेखर भगत