Banka Accident: बांका में तेज रफ्तार का कहर! हाइवा की टक्कर से युवक की मौत, तीन घायल

Banka Accident: बांका में तेज रफ्तार हाइवा की टक्कर से युवक की मौत हो गई। इस दौरान तीन लोग घायल गए। एक बाइक पर चार सवार होने से हादसा हुआ।

Banka Accident
हाइवा की टक्कर से मचा हड़कंप!- फोटो : news4nation

Banka Accident:  बांका जिले के अमरपुर–इंग्लिशमोड़ मुख्य सड़क पर बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। धर्मपुर हाट के पास तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक को टक्कर मार दी, जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

मृतक की पहचान विशनपुर पंचायत के गौरीपुर गांव निवासी 22 साल के रामविलास मंडल के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, रामविलास अपने तीन साथियों नितेश कापरी, मुन्ना मंडल और नितेश कुमार के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर अमरपुर पेट्रोल पंप पर तेल भरवाने जा रहा था। इसी दौरान इंग्लिशमोड़ की तरफ से तेज गति से आ रहे हाइवा ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची

टक्कर इतनी तेज थी कि रामविलास मंडल की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अमरपुर रेफरल अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टर अपूर्व अमन सिंह ने रामविलास को मृत घोषित कर दिया। वहीं बाकी तीनों घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए भागलपुर भेज दिया गया। जैसे ही घटना की खबर मिली, मृतक और घायलों के परिवार वाले अस्पताल पहुंच गए। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में भी शोक का माहौल है। थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि हादसे में एक युवक की मौत हुई है और तीन लोग घायल हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे के बाद हाइवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

चारों युवक एक ही बाइक पर सवार

घटना को लेकर यह भी सामने आया है कि चारों युवक एक ही बाइक पर सवार थे। घायल मुन्ना मंडल ने बताया कि वे सभी पेट्रोल भरवाने जा रहे थे। एक बाइक पर चार लोगों के बैठने से संतुलन बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है, जो हादसे का एक कारण हो सकता है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और एक बाइक पर ज्यादा लोगों को बैठाकर यात्रा न करें।

बांका से चंद्रेशेखर भगत की रिपोर्ट