Banka Road Accident: बिहार के बांका में तेज रफ्तार हाइवा ने ली एक ज़िंदगी, तीन घायल

Banka Road Accident: : बांका जिले के धोरैया-पंजवारा रोड पर एक दर्दनाक हादसे में ऑटो सवार सुमरित गोस्वामी की मौत हो गई और तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार अज्ञात हाइवा ने टक्कर मार दी और फरार हो गया।

Banka Road accident
बांका में तेज रफ्तार हाइवा की टक्कर- फोटो : social media

Bihar Banka Road Accident: बांका जिले के धोरैया-पंजवारा मुख्य मार्ग पर शनिवार (14 जून 2025) को सादपुर गांव के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार अज्ञात हाइवा ने पीछे से एक ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में ऑटो सवार हरेरामपुर गांव निवासी 26 वर्षीय सुमरित गोस्वामी की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार सुमरित गोस्वामी, विपिन गोस्वामी, फंटूश गोस्वामी और रूनमुन गोस्वामी ऑटो से पंजवारा की ओर जा रहे थे। वे सभी घर-घर भिक्षाटन कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। 

इस दौरान पीछे से तेज रफ्तार से आ रही एक अज्ञात हाइवा ने ऑटो में टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।घटना के बाद सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, धोरैया में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने सुमरित गोस्वामी की हालत गंभीर देख उन्हें रेफर कर दिया। इलाज के लिए मायागंज अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही सुमरित ने दम तोड़ दिया। मायागंज पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

समाजसेवी राधाचरण पासवान ने बताया कि सुमरित गोस्वामी मेहनती युवक था और अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए भिक्षाटन करता था। उसके दो पुत्र और एक पुत्री हैं। हादसे के बाद से पत्नी पायल देवी का रो-रो कर बुरा हाल है, वहीं परिजनों में कोहराम मच गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से हाइवा वाहन की पहचान कर दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

बांका से चंद्रशेखर कुमार भगत कि रिपोर्ट