2 दिनों से लापता नाबालिग बच्ची की कुएं से बरामद हुई लाश, परिजनों ने जताया जमीन विवाद में हत्या की आशंका

2 दिनों से लापता नाबालिग बच्ची की कुएं से बरामद हुई लाश, परि
2 दिनों से लापता नाबालिग बच्ची की कुएं से बरामद हुई लाश - फोटो : चन्द्रशेखर भगत

Banka : जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सुईया थाना क्षेत्र के धनुवसार पंचायत स्थित ढकना गांव में बीते दो दिनों से लापता 11 वर्षीय बच्ची का शव शुक्रवार सुबह घर से करीब एक किलोमीटर दूर झाड़ियों के बीच स्थित एक कुएं से बरामद किया गया। घटना की खबर मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया।


स्कूल जाने के दौरान रास्ते से अचानक हुई थी लापता

मृतका की पहचान ढकना गांव निवासी निरंजन यादव की 11 वर्षीय पुत्री प्रतिमा कुमारी के रूप में हुई है, जो प्रोन्नत मध्य विद्यालय बनरी में कक्षा 6 की छात्रा थी। परिजनों के मुताबिक, प्रतिमा बुधवार सुबह करीब 9 बजे स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी। रास्ते में खेत की ओर जा रहे अपने दादा से रोज की तरह 10 रुपये लेने के बाद वह घर की तरफ लौटने लगी, लेकिन आम के पेड़ के पास से अचानक लापता हो गई। शाम तक घर न लौटने पर परिजनों ने काफी खोजबीन की और 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। गुरुवार को सुईया थाने में गुमशुदगी का आवेदन भी दिया गया था।


गुरुवार को जिस कुएं में की गई थी तलाशवहीं शुक्रवार को तैरता मिला शव

परिजनों ने बताया कि गुरुवार को ग्रामीणों और पुलिस ने जिस टापू कुएं में सीकर और कांटे के सहारे बच्ची की तलाश की थी, उस वक्त वहां कुछ नहीं मिला था। लेकिन शुक्रवार सुबह उसी कुएं के पानी में बच्ची का शव तैरता हुआ दिखाई दिया।


फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्यपिता ने गांव के लोगों पर जताया शक

घटना की सूचना पर सुईया थानाध्यक्ष कन्हैया प्रसाद पुलिस बल के साथ पहुंचे और शव को कुएं से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया। फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं। मृतका के पिता निरंजन यादव ने गांव के ही कुछ लोगों के साथ पूर्व से चले आ रहे पुराने जमीन विवाद को लेकर हत्या का संदेह जताया है।


पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित बिंदुओं पर गहनता से जांच कर रही है।


चन्द्रशेखर भगत की रिपोर्ट