Bihar Road Accident : बांका में तेज रफ़्तार वाहन ने बाइक में मारी टक्कर, जीजा-साले की मौके पर हुई मौत, परिजनों में मचा कोहराम

Bihar Road Accident : बांका में तेज रफ़्तार वाहन ने बाइक में

BANKA : जिले में काम कर लौट रहे दो घरों के चिराग रास्ते में ही बुझ गए।  बांका जिला के बेलहर थाना क्षेत्र के वीरना पुल के पास गुरुवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार दोनों युवक पुल से नीचे खाई में जा गिरे और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

हादसे में सुरा गांव निवासी सुशील यादव के पुत्र विलास यादव उर्फ बुंदेली यादव और बदला गांव निवासी तहलू यादव के पुत्र त्रिवेणी यादव की जान चली गई। दोनों रिश्ते में जीजा-साला थे और हलवाई का काम कर अपने परिवार का सहारा बने हुए थे। बताया जाता है कि वे झाझा थाना क्षेत्र के सहिया गांव में एक तिलक समारोह में खाना बनाने गए थे। 

काम खत्म कर जब दोनों बाइक से घर लौट रहे थे, तभी वीरना पुल के पास मौत बनकर आए वाहन ने उनकी जिंदगी छीन ली।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पुल से नीचे जा गिरी। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही बेलहर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जैसे ही खबर गांव पहुंची, माहौल मातम में बदल गया। एक ही पल में जीजा और साले की मौत से दोनों परिवार टूट गए। अस्पताल परिसर में परिजनों की चीख-पुकार सुन हर आंख नम हो गई। गांव में सन्नाटा और शोक का माहौल कायम है।

थानाध्यक्ष दिनेश वर्मा ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया गया है। अज्ञात वाहन की तलाश जारी है और मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

बांका से चंद्रशेखर कुमार भगत कि रिपोर्ट