Road Accident In Bihar: सड़क हादसे में साला-बहनोई की मौत, मातम में बदली शादी की खुशियां, एक की हालत गंभीर

Road Accident In Bihar: बांका में सड़क हादसे में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है। दोनों रिश्ते में साला-बहनोई लगते थे वहीं एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

सड़क हादसा
साला बहनोई की मौत - फोटो : Reporter

Road Accident In Bihar: सड़क हादसे में 2 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है। मामला बांका जिले के रजौन थाना क्षेत्र अंतर्गत राजावर चौक के पास का है। जहां गुरुवार अहले सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में साला-बहनोई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इस हादसे से शादी की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं। मृतकों की पहचान मड़नी गांव निवासी 35 वर्षीय मिथिलेश शर्मा और अमरपुर थाना क्षेत्र के बेरमा गांव निवासी 45 वर्षीय विकास तांती के रूप में हुई है।

सड़क हादसे के शिकार हुए साला बहनोई 

दोनों आपस में साला-बहनोई थे। वहीं, घायल युवक की पहचान 25 वर्षीय ज्योतिष तांती के रूप में की गई है, जिसे गंभीर हालत में भागलपुर रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, बुधवार रात मिथिलेश शर्मा अपने रिश्तेदार के पुत्र की शादी में शामिल होने चिलकावर गांव गए थे। वरमाला कार्यक्रम के बाद तीनों एक ही बाइक से भागलपुर-हंसडीहा मुख्य मार्ग से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान राजावर मोड़ के समीप किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

2 की मौत से मातम 

टक्कर इतनी भीषण थी कि मिथिलेश शर्मा और विकास तांती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ज्योतिष तांती गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही रजौन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। 

जांच में जुटी पुलिस 

घायल को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया है और फरार वाहन की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

बांका से चंद्रशेखर कुमार की रिपोर्ट