साली की शादी में जीजा ने खुद को लगाई आग, खुशियां चीख-पुकार में बदलीं

साली की शादी में जीजा ने खुद को लगाई आग, खुशियां चीख-पुकार म
साली की शादी में जीजा ने खुद को लगाई आग- फोटो : बाल मुकुंद कुमार

Banka : बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बभनगामा गांव में आयोजित एक शादी समारोह उस समय मातम और दहशत में बदल गया, जब एक युवक ने सरेआम खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। यह आत्मघाती कदम उठाने वाला व्यक्ति कोई और नहीं, बल्कि दुल्हन का जीजा था। इस अचानक हुई घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई और वैवाहिक रस्में रुक गईं। शादी की खुशियां पल भर में चीख-पुकार और अफरा-तफरी में तब्दील हो गईं।


गंभीर रूप से झुलसे युवक की पहचान सूरज कुमार के रूप में हुई है, जो रजौन थाना क्षेत्र के भदरार गांव का निवासी बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, सूरज को अपनी साली की शादी की सूचना मिली थी, जिसके बाद वह समारोह में शामिल होने बभनगामा पहुंचा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, समारोह के बीच ही उसने अचानक बोतल में भरा पेट्रोल अपने शरीर पर उड़ेला और माचिस जला ली। देखते ही देखते वह आग की लपटों से घिर गया और मौके पर कोहराम मच गया।


घटना के तुरंत बाद वहां मौजूद मेहमानों और परिजनों ने साहस दिखाते हुए किसी तरह आग पर काबू पाया। युवक बुरी तरह झुलस चुका था, जिसे आनन-फानन में अमरपुर रेफरल अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (मायागंज) रेफर कर दिया। वर्तमान में युवक की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है और विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है।


इस पूरे मामले पर सूरज की पत्नी ने बताया कि उसका पति लंबे समय से पटना में रह रहा था। वह अचानक शादी समारोह में पहुंचा और इस तरह का खौफनाक कदम उठा लिया। पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों का कहना है कि उन्हें इस बात की जरा भी भनक नहीं थी कि सूरज ऐसा कुछ करने वाला है। परिवार का दावा है कि घर में किसी भी प्रकार का गंभीर विवाद नहीं था, जिससे इस आत्मघाती कदम के पीछे के कारणों पर रहस्य और गहरा गया है।


स्थानीय पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस अब इस मामले की जांच में जुट गई है कि आखिर एक हंसते-खेलते शादी समारोह में सूरज ने खुद को आग के हवाले क्यों किया। पुलिस युवक के बयान दर्ज करने का प्रयास कर रही है ताकि घटना की असली वजह सामने आ सके। फिलहाल, इस घटना ने दोनों परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है और गांव में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।


बालमुकुंद की रिपोर्ट