Bihar News : समृद्धि यात्रा के तहत भागलपुर और बांका पहुंचे सीएम नीतीश, कई योजनाओं का किया उद्घाटन और शिलान्यास, जन संवाद में हुए शामिल
Bihar News : मुख्यमंत्री नीतीश समृद्धि यात्रा के तहत भागलपुर और बांका पहुंचे. जहाँ उन्होंने करोड़ों रूपये के योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया.......पढ़िए आगे
BANKA : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज समृद्धि यात्रा के क्रम में बांका जिले में विभिन्न विकासात्मक योजनाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से प्रगति यात्रा के दौरान की गई घोषणाओं के क्रियान्वयन के संबंध में जानकारी ली और कार्य तेजी से पूर्ण करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बांका जिला के अंतर्गत समृद्धि यात्रा के दौरान 575 लाख रुपये लागत की सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कटोरिया स्थित नवनिर्मित भवन का शिलापट्ट अनावरण कर एवं फीता काटकर उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने उद्घाटन के पश्चात् नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एक्स-रे रूम, नमूना संग्रह केंद्र, ई०सी०जी० रूम एवं आपातकालीन केंद्र सहित अन्य भागों का निरीक्षण कर चिकित्सकीय सुविधाओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने इसी परिसर से रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट अनावरण कर बांका जिले के लिए 118 करोड़ रुपये की लागत से 278 योजनाओं का उद्घाटन एवं 591 करोड़ रुपये की लागत से 219 योजनाओं का शिलान्यास किया।
इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने डिग्री कॉलेज परिसर, कटोरिया में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस क्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न विकासात्मक कार्यों की जानकारी ली। बौंसी प्रखंड में 31/11 केवी, 33/11 केवी विद्युत शक्ति उपकेंद्र का, 132/33 केवी ग्रिड उपकेंद्र अमरपुर के निर्माण कार्य का, पथ प्रमंडल बांका अंतर्गत सुल्तानगंज, तारापुर, बेलहर, कटोरिया, चानन, दर्दमारा पथ (एस०एच०-22), भागलपुर-अमरपुर-बांका (एस०एच०-25), बौंसी प्रखंड सह अंचल कार्यालय का निर्माण कार्य, बाढ़ में गंगा नदी अधिशेष जल को बांका जिला के बदुआ जलाशय एवं मुंगेर जिला अंतर्गत खड़गपुर जलाशय में अंतरण कार्य की जानकारी ली। सभी कार्यों को तेजी से पूर्ण करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने जीविका के स्टॉल के निरीक्षण के दौरान स्वयं सहायता समूह की जीविका दीदियों द्वारा जीविकोपार्जन कार्य से जुड़े हुए विभिन्न गतिविधियों एवं उत्पादों की जानकारी ली। वहां उपस्थित जीविका दीदियों ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि आपने महिलाओं की तरक्की के लिए काफी काम किया है। हम सभी जीविका दीदियां आपकी कृपा से जीवन में आगे बढ़ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आप लोग ऐसे ही काम करते रहिए और आगे बढ़िए। मुख्यमंत्री ने 3,426 जीविका स्वयं सहायता समूह की दीदियों को 55 करोड़ 70 लाख का सांकेतिक चेक प्रदान किया तथा 13,623 जीविका स्वयं सहायता समूह की दीदियों को 363 करोड़ का सांकेतिक चेक प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने शिक्षा विभाग, कृषि विभाग, उद्योग विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के अंतर्गत 34 लाभुकों को 1 करोड़ 29 लाख 70 हजार रुपये का सांकेतिक चेक प्रदान किया। साथ ही विभिन्न योजनाओं के लाभुकों को भी सांकेतिक चेक प्रदान किया।
वहीँ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज समृद्धि यात्रा के क्रम में भागलपुर जिला अंतर्गत भागलपुर गोराडीह मार्ग पर भागलपुर बौंसी रेलवे लाइन पर पहुंच पथ सहित आर०ओ०बी० के निर्माण कार्य की प्रगति का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में मुख्यमंत्री ने प्रगति यात्रा के दौरान घोषित विकासात्मक योजनाओं एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं के प्रस्तुतीकरण का अवलोकन कर उनके क्रियान्वयन की प्रगति के संबंध में अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। इन योजनाओं में सुल्तानगंज नगर परिषद् अंतर्गत जहाज घाट के निकट रेलवे की 17 एकड़ 47.62 डिसमिल भूमि पर पर्यटकीय दृष्टिकोण से सुविधाओं का विस्तार, फतेहपुर चेकडैम का निर्माण कार्य, नवगछिया अनुमंडल में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण कार्य, भागलपुर जिले में कैंसर के इलाज हेतु कैंसर संस्थान की स्थापना, 11 प्रखंडों (बिहपुर, शाहकुंड, कहलगांव, सबौर, नवगछिया, सन्हौला, पीरपैंती, गोराडीह, नारायणपुर, इस्माईलपुर, नाथनगर) में प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवन एवं आवासीय परिसर का निर्माण, सुल्तानगंज भागलपुर जिलान्तर्गत अवस्थित ग्रीनफील्ड अंतराष्ट्रीय हवाई अड्डे का निर्माण कार्य, प्रखंड गोराडीह अंतर्गत ग्राम पंचायत अगरपुर माछीपुर में अन्तर्राज्यीय आधुनिक बस अड्डा का निर्माण, गोराडीह प्रखंड में उपलब्ध सरकारी भूमि पर औद्योगिक क्षेत्र का विकास, एस०एम० कॉलेज से मिरजानहाट पथ पर आर०ओ०बी० (भोलानाथ पुल) के निर्माण कार्य शामिल है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि इन सभी योजनाओं का क्रियान्वयन अच्छे ढंग से सुनिश्चित कराएं। निर्धारित समय सीमा के अंदर कार्य पूर्ण हो, इसका विशेष रूप से ख्याल रखें। इन सभी कामों के पूरा हो जाने से लोगों को काफी फायदा मिलेगा। पथों एवं आर०ओ०बी० का निर्माण कार्य पूर्ण होने से वाहनों का परिचालन और अधिक सुचारू रूप से हो सकेगा। मुख्यमंत्री ने जगदीशपुर प्रखंड के ग्राम पंचायत बैजानी का भ्रमण कर पंचायत सरकार भवन, आयुष्मान आरोग्य मंदिर, राजकीय मध्य विद्यालय बैजानी, जल-जीवन-हरियाली के तहत जीर्णोद्धार कराए गए पोखर आदि का जायजा लिया। पंचायत सरकार भवन, बैजानी के प्रांगण में मुख्यमंत्री ने पौधारोपण किया। मुख्यमंत्री ने ग्राम पंचायत बैजानी में मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप का शिलापट्ट अनावरण कर शिलान्यास किया। राजकीय मध्य विद्यालय, बैजानी के छात्र-छात्राओं ने ताली बजाकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सभी मन लगाकर पढ़ाई करें। आप ही देश के भविष्य हैं। आप सभी को बहुत-बहुत बधाई एवं शुभकामनाएं।
मुख्यमंत्री ने जगदीशपुर प्रखंड के ग्राम पंचायत बैजानी में आयोजित जनसभा स्थल के निकट विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। अवलोकन के क्रम में मुख्यमंत्री ने 8305 जीविका स्वयं सहायता समूहों के 1 लाख 5 हजार 5 सौ पच्चीस जीविका दीदियों को बैंकों से प्रदत ऋण के तहत 377 करोड़ 66 लाख 50 हजार रुपये का सांकेतिक चेक, मुख्यमंत्री अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन अनुदान योजना का सांकेतिक चेक, समेकित बकरी एवं भेड़ विकास योजना का सांकेतिक चेक, बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड आदि लाभुकों को प्रदान किया। जीविका दीदियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि आपके द्वारा हम महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। इसके लिए हम सभी आपके आभारी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सभी जीविका दीदियों को बधाई है। आप सभी बहुत अच्छा काम कर रही हैं। आगे भी पूरे बुलंदी के साथ काम करते रहिए, राज्य सरकार हर संभव मदद करेगी।मुख्यमंत्री ने भागलपुर जिला अंतर्गत जगदीशपुर प्रखंड के बैजानी में 442 करोड़ रुपये की लागत से 144 विकासात्मक योजनाओं का रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें 171 करोड़ रुपये की लागत से 88 योजनाओं का उद्घाटन तथा 271 करोड़ रुपये की लागत से 56 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
भागलपुर से बालमुकुन्द और बांका से चंद्रशेखर भगत की रिपोर्ट