Bihar News : बांका में 'डायन' कहने से भड़की बहू, धारदार हथियार से की सास की नृशंस हत्या, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
Bihar News : अमरपुर थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव में मंगलवार को रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। जहाँ एक बहू ने सास की गला रेतकर हत्या कर दी........पढ़िए आगे
BANKA : अमरपुर थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव में मंगलवार को रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक हृदयविदारक घटना सामने आई। घरेलू विवाद से आक्रोशित बहू ने अपनी ही सास की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई।
मृतका की पहचान सलेमपुर गांव निवासी सुलोचना देवी (70 वर्ष), पति सहदेव राय के रूप में हुई है। वहीं हत्या का आरोप उनकी बहू बिंदु देवी पर लगा है। बताया जा रहा है कि घटना मंगलवार करीब 11 बजे की है। उस समय वृद्ध महिला घर में सोई हुई थी। इसी दौरान बहू ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। आरोप है कि पहले उसने महिला की आंख पर वार किया, फिर गला रेतकर हत्या कर दी।
घटना की जानकारी मिलते ही अमरपुर थाना अध्यक्ष राकेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। ग्रामीणों की मदद से आरोपी बहू को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पुलिस पूछताछ में बिंदु देवी ने हत्या की बात स्वीकार करते हुए बताया कि उसकी सास उसे प्रताड़ित करती थी तथा ‘डायन’ कहकर अपमानित करती थी। इसी आक्रोश में उसने घटना को अंजाम दिया। मृतका का पुत्र मनोज राय दिल्ली में रहकर मजदूरी करता है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया में जुट गई है तथा पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
बांका से चंद्रशेखर कुमार भगत की रिपोर्ट