Bihar train accident: ईयरफोन बना मौत का सामान, गाना सुनते युवक की ट्रेन से कटकर मौत, मौके पर दर्दनाक अंत
Bihar train accident: बांका में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है, जहां कान में ईयरफोन लगाकर गाना सुनना एक युवक के लिए जानलेवा साबित हो गया।
Bihar train accident: बांका में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है, जहां कान में ईयरफोन लगाकर गाना सुनना एक युवक के लिए जानलेवा साबित हो गया। तारा मंदिर रेलवे हॉल्ट के पास सोमवार सुबह ऐसा मंजर दिखा, जिसने हर किसी को सन्न कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, राजेंद्र नगर–बांका इंटरसिटी ट्रेन जैसे ही सुबह करीब 7 बजे उस इलाके से गुजरी, एक युवक उसकी चपेट में आ गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। आसपास मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई और घटनास्थल पर भीड़ जुट गई।मृतक की पहचान अमरपुर थाना क्षेत्र के बाजा गांव निवासी नीतीश कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह रेलवे ट्रैक के किनारे से गुजर रहा था और उसके कान में ईयरफोन लगा हुआ था। तेज आवाज में गाना सुनने के कारण उसे ट्रेन की आहट तक नहीं मिली और वो पटरी से हट नहीं सका।प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि अगर युवक को ट्रेन की आवाज सुनाई दे जाती, तो शायद ये हादसा टल सकता था। लेकिन कुछ सेकंड की लापरवाही ने उसकी जिंदगी छीन ली।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी। वहीं जैसे ही ये खबर परिवार तक पहुंची, घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि नीतीश कुमार बांका में टोटो चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसकी अचानक मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है और इलाके में मातम पसरा हुआ है। यह हादसा एक कड़वा सबक छोड़ गया है ट्रैक के आसपास या सड़क पर चलते वक्त ईयरफोन का इस्तेमाल जान के लिए खतरा बन सकता है। थोड़ी सी सावधानी ही जिंदगी बचा सकती है।
चंद्रशेखर कुमार भगत कि रिपोर्ट