Train News : रेल यात्रियों को सौगात, जसीडीह-देवघर-बांका के बीच जल्द दौड़ेगी नई मेमू ट्रेन, GM मिलिंद देउस्कर ने की घोषणा

Train News : रेल यात्रियों को सौगात, जसीडीह-देवघर-बांका के ब

BANKA : बांका सहित जसीडीह और देवघर के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक (जीएम) मिलिंद देउस्कर ने गुरुवार को बांका जंक्शन के निरीक्षण के दौरान जसीडीह से देवघर होते हुए बांका तक नई मेमू ट्रेन सेवा शुरू करने की घोषणा की। इस पहल से क्षेत्र के हजारों यात्रियों को प्रतिदिन आवागमन में बड़ी सहूलियत मिलेगी। जीएम ने बताया कि प्रस्तावित योजना के तहत जसीडीह-बांका मेमू ट्रेन सुबह लगभग पांच बजे देवघर से प्रस्थान करेगी और करीब छह बजे बांका पहुंचेगी। यहां लगभग 10 मिनट का ठहराव होगा, जिसके बाद ट्रेन वापस रवाना हो जाएगी। हालांकि अभी आधिकारिक समय-सारिणी जारी नहीं की गई है। यह ट्रेन चांदन, कटोरिया, करझौसा समेत अन्य प्रमुख स्टेशनों पर भी रुकेगी।

क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मिलेगी मजबूती

महाप्रबंधक ने कहा कि बांका को एक ओर देवघर-जसीडीह और दूसरी ओर भागलपुर से बेहतर तरीके से जोड़ने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने संकेत दिया कि आने वाले समय में और भी विकास योजनाएं लागू की जाएंगी, जिससे क्षेत्र की रेल सेवाएं और सुदृढ़ होंगी। निरीक्षण के दौरान जीएम ने प्लेटफॉर्म, वेटिंग हॉल, पोर्टिको और पार्किंग क्षेत्र का जायजा लिया। पोर्टिको के ऊपर लगे शेड और ड्रेनेज व्यवस्था पर असंतोष जताते हुए उन्होंने इसे शीघ्र दुरुस्त करने का निर्देश दिया। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्लेटफॉर्म पर आवश्यकतानुसार टिकट कियोस्क लगाने की भी बात कही।

अवैध क्रॉसिंग पर बनेगा अंडरपास

बंद की गई अवैध क्रॉसिंग के संबंध में पूछे जाने पर जीएम ने स्पष्ट किया कि इस दिशा में कार्रवाई प्रगति पर है। 15 से 20 दिनों के भीतर सभी अवैध क्रॉसिंग से संबंधित प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजे जाएंगे। प्रस्ताव स्वीकृत होने के एक से डेढ़ महीने के भीतर अंडरपास निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि अवैध क्रॉसिंग बेहद खतरनाक होती हैं, खासकर तब जब भागलपुर-दुमका रूट पर अब वंदे भारत जैसी तेज गति वाली ट्रेनें भी संचालित हो रही हैं। यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

निरीक्षण को लेकर रही हलचल

जीएम के आगमन को लेकर सुबह से ही डीआरएम सहित रेलवे के अधिकारी स्टेशन परिसर में मौजूद रहे। पहले उनका आगमन दोपहर 12 बजे प्रस्तावित था, लेकिन वे लगभग दो घंटे की देरी से पहुंचे। निरीक्षण से पहले स्टेशन परिसर को पूरी तरह दुरुस्त कर साफ-सुथरा किया गया था। करीब 10 मिनट तक निरीक्षण के बाद जीएम भागलपुर के लिए रवाना हो गए। नई मेमू सेवा की घोषणा से बांका, देवघर और जसीडीह के यात्रियों में उत्साह का माहौल है और लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही यह सेवा धरातल पर उतरेगी।

बांका से चंद्रशेखर कुमार भगत कि रिपोर्ट