Bihar News : बांका में ओढ़नी और चांदन डैम को इको-टूरिज्म के रूप में विकसित करने की तैयारी, डीएम अंशुल अग्रवाल ने दिए निर्देश

Bihar News : बांका जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शुमार ओढ़नी डैम और चांदन डैम को इको-टूरिज्म (Eco-Tourism) के रूप में विकसित किया जाएगा......पढ़िए आगे

Bihar News : बांका में ओढ़नी और चांदन डैम को इको-टूरिज्म के
विकसित होगा डैम - फोटो : CHANDRASHEKHAR

BANKA : जिले को पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शुमार ओढ़नी डैम और चांदन डैम को इको-टूरिज्म के रूप में विकसित करने की कवायद शुरू हो गई है। इसी को लेकर मंगलवार को जिला पदाधिकारी अंशुल अग्रवाल की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें पर्यटन विकास की संभावनाओं और पर्यटकों के लिए सुविधाओं के विस्तार पर विस्तृत चर्चा हुई।

डीएम ने दिए निर्देश 

बैठक के दौरान डीएम अंशुल अग्रवाल ने संबंधित अधिकारियों को दोनों जलाशयों में पर्यटन विकास की संभावनाओं का आकलन कर वन विभाग के माध्यम से इको-टूरिज्म विकसित करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही सिंचाई विभाग से संबंधित भूमि के हस्तांतरण की प्रक्रिया नियमानुसार शीघ्र पूरी करने को कहा। ओढ़नी डैम से सटी भूमि के अधिग्रहण और पर्यटन विकास से जुड़ी अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं को भी गति देने के निर्देश दिए गए, ताकि विकास कार्यों की दिशा में आगे बढ़ा जा सके।

पर्यटन बढ़ेगा, स्थानीय लोगों को मिलेगा रोजगार

डीएम ने कहा कि बांका के प्रमुख जलाशयों को इको-टूरिज्म के रूप में विकसित करने से जिले की प्राकृतिक सुंदरता को नई पहचान मिलेगी। पर्यटकों की संख्या बढ़ने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाकर सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया।

विकसित होने की उम्मीद 

जिला प्रशासन की इस पहल से आने वाले दिनों में ओढ़नी और चांदन डैम के पर्यटन केंद्रों के रूप में विकसित होने की उम्मीद बढ़ गई है। इससे बांका को पर्यटन के मानचित्र पर विशिष्ट पहचान मिलने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल सकती है।

बांका से चंद्रशेखर कुमार भगत कि रिपोर्ट