Bihar News:तेज रफ्तार गिट्टी लदे ट्रक ने बाइक सवार युवक को कुचला, मौत के बाद भड़के लोग,रोड किया जाम, सड़क के दोनों ओर वाहनों की लगी लंबी कतार

Bihar News: तेज रफ्तार गिट्टी लदे 14 चक्के वाले ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक बुरी तरह कुचल गया।...

Havoc of Speed
रफ्तार का कहर- फोटो : reporter

Bihar News: बांका जिला के रजौन प्रखंड अंतर्गत जगदीशपुर-सन्हौला सड़क मार्ग पर भागलपुर-बांका जिले की सीमा के समीप हरचंडी स्थित खरमा मोड़ के पास मंगलवार की सुबह करीब आठ बजे दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। सन्हौला की ओर से जगदीशपुर जा रहे तेज रफ्तार गिट्टी लदे 14 चक्के वाले ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक बुरी तरह कुचल गया। गंभीर चोट लगने और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान नवादा बाजार सहायक थाना क्षेत्र के हरचंडी-अमहारा पंचायत अंतर्गत पदमपुर गांव निवासी वकील प्रसाद सिंह के पुत्र रविंद्र कुमार सिंह के रूप में हुई है। बताया जाता है कि रविंद्र किसी काम से जगदीशपुर गया था और बाइक से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान खरमा मोड़ के समीप हादसा हो गया।

घटना के बाद ट्रक चालक वाहन को लेकर भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे कीचड़ में फंस गया। इसके बाद ग्रामीणों ने ट्रक को पकड़ लिया। हादसे की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर गोराडीह थाना पुलिस पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

युवक की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने। जगदीशपुर-सन्हौला मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों ओर छोटी-बड़ी गाड़ियों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ग्रामीणों और मृतक के परिजनों को समझाने-बुझाने में जुटी रही।

चंद्रशेखर कुमार भगत कि रिपोर्ट