पत्नी की जासूसी का 'खौफनाक' प्लान: दूसरे के घर से चुराया कैमरा , बेडरूम में लगाया और फिर...

बिहार के बांका जिले में एक अजीबोगरीब चोरी का मामला सामने आया है. पत्नी पर शक होने पर एक शख्स ने दूसरे के घर से सीसीटीवी कैमरा इसलिए चुरा लिया, ताकि वह अपनी पत्नी की गतिविधियों पर नजर रख सके.

पत्नी की जासूसी का 'खौफनाक' प्लान: दूसरे के घर से चुराया कैम

बिहार के बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक पति ने अपनी पत्नी की जासूसी करने के लिए चोरी का रास्ता अपनाया। आरोपी पवन कुमार को अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था। उसे लगता था कि उसकी पत्नी छुपकर किसी और से बात करती है। इसी शक को दूर करने और पत्नी की हर गतिविधि पर नजर रखने के लिए उसने एक घर से सीसीटीवी कैमरा चुराने की साजिश रची, ताकि वह उसे अपने कमरे में चुपके से लगा सके।

कैसे हुई चोरी और किसने की शिकायत?

घटना की शुरुआत 10 मार्च को हुई, जब गोपालपुर गांव के निवासी मृत्युंजय शर्मा के घर से अचानक एक सीसीटीवी कैमरा गायब हो गया। कैमरा चोरी होने के बाद मृत्युंजय ने काफी खोजबीन की, लेकिन कुछ हाथ नहीं लगा। उन्होंने हार नहीं मानी और स्थानीय स्तर पर लोगों को इसकी जानकारी दी। इसी बीच आरोपी पवन कुमार, जो छोटी जानकीपुर गांव का रहने वाला है, चोरी किए गए कैमरे को रिपेयर कराने के लिए एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान पर पहुँचा, जहाँ से मामले का खुलासा हुआ।

दुकानदार की सूझबूझ से धरा गया आरोपी

कैमरा रिपेयर करने आए पवन कुमार की हरकतों को देखकर दुकानदार को शक हो गया। दुकानदार ने चतुराई दिखाते हुए कैमरे की फोटो खींच ली और मृत्युंजय शर्मा को भेज दी। मृत्युंजय ने तुरंत अपने कैमरे की पहचान कर ली और पुलिस को सूचित किया। अमरपुर थाना अध्यक्ष राकेश कुमार के निर्देश पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए गोला चौक के पास से पवन कुमार को चोरी के कैमरे के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

पुराना अपराधी है आरोपी, पुलिस कर रही जांच

पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने बताया कि शक के कारण ही उसने चोरी की इस घटना को अंजाम दिया था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, पवन कुमार कोई साधारण व्यक्ति नहीं है; वह पहले भी बाइक चोरी और अन्य आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है और फिलहाल बेल पर बाहर था। पुलिस अब उसके पुराने आपराधिक इतिहास को खंगाल रही है और उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।