Bihar News : बांका में कुदरत का कहर! वज्रपात की चपेट में आने से छात्र और मासूम समेत तीन की हुई मौत, परिजनों में मचा कोहराम

Bihar News : बिहार के बांका जिले में बुधवार की दोपहर अचानक बदले मौसम ने भारी तबाही मचाई है। देखते ही देखते प्रकृति के इस प्रकोप ने तीन अलग-अलग परिवारों की खुशियां छीन लीं......पढ़िए आगे

Bihar News : बांका में कुदरत का कहर! वज्रपात की चपेट में आने
कुदरत का कहर - फोटो : CHANDRASHEKHAR

BANKA : जिले में बुधवार की दोपहर अचानक बदले मौसम ने देखते ही देखते तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। हल्की बारिश और गरज-चमक के बीच अलग-अलग क्षेत्रों में गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक छात्र, एक मासूम बालक और एक मजदूर समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद प्रभावित गांवों में शोक और मातम का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार, धनकुंड थाना क्षेत्र के फुलवरिया गांव निवासी 36 वर्षीय गणेश राय खेत में धान का बिचड़ा लगाने के काम में जुटे थे। इसी दौरान अचानक तेज गर्जना के साथ गिरी आकाशीय बिजली ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। आसपास मौजूद किसानों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन को जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया। दैनिक मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करने वाले गणेश राय अपने पीछे पत्नी, दो पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गए हैं।

वहीं रजौन प्रखंड के खैरा गांव स्थित स्टेडियम के समीप हल्की बूंदाबांदी के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से 17 वर्षीय छात्र सन्नी कुमार की मौत हो गई। वह धनसार गांव निवासी मनोज यादव का पुत्र था और घटना के समय स्टेडियम के समीप मौजूद था। इधर कटोरिया प्रखंड की मौथाबारी पंचायत अंतर्गत जुगलीरायकुरा गांव में घर के समीप क्रिकेट खेल रहे 8 वर्षीय मो. इसान अंसारी भी वज्रपात की चपेट में आ गया। गंभीर झटके के कारण उसकी भी मौके पर ही मौत हो गई, जिससे पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

एक ही दिन में जिले के तीन अलग-अलग इलाकों में हुई इन दर्दनाक घटनाओं ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम, बारिश और गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों, खेतों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

बांका से चंद्रशेखर कुमार भगत कि रिपोर्ट