बांका में रफ्तार का कहर: ट्रैक्टर पलटने से दो की दर्दनाक मौत, दुर्गा पूजा की खुशियां मातम में बदलीं

बांका जिले मे रफ्तार के कहर ने दो परिवारों में दुर्गा पूजा के उत्सवी माहौल को पल भर में मातम में बदल दिया। तेज रफ्तार ट्रैक्टर के पलटन जाने से उसपर सवार दो लोगों की जान चली गई......

बांका में रफ्तार का कहर: ट्रैक्टर पलटने से दो की दर्दनाक मौत
बांका में रफ्तार का कहर- फोटो : चन्द्रशेखर भगत

Banka : जिले के रजौन थाना क्षेत्र में रविवार की सुबह एक भीषण और दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसने दो परिवारों में दुर्गा पूजा के उत्सवी माहौल को पल भर में मातम में बदल दिया। राजावर पंचायत अंतर्गत जबड़ा मोड़ के समीप एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर अचानक सड़क पर पलट गया। इस भयानक दुर्घटना में ट्रैक्टर के नीचे दबने से उस पर सवार दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


गिट्टी खाली कर घर लौटने के दौरान हादसा, ट्रैक्टर मालिक समेत दो की गई जान

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार की सुबह करीब 10 बजे ट्रैक्टर से गिट्टी अनलोड (खाली) करने के बाद दोनों व्यक्ति खाली ट्रैक्टर पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान राजावर पंचायत के जबड़ा मोड़ के पास अचानक ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। मृतकों की पहचान चकरोशन गांव निवासी ट्रैक्टर मालिक रजनीश कुमार और नवादा थाना क्षेत्र के धाय हरना गांव निवासी मदन दास के रूप में की गई है।


ग्रामीणों ने चलाया बचाव अभियान, चालक मौके से हुआ फरार

हादसा होते ही आसपास के स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए तत्परता दिखाते हुए ट्रैक्टर को उठाकर उसके नीचे दबे दोनों व्यक्तियों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक अत्यधिक चोट लगने के कारण दोनों की सांसें थम चुकी थीं। बताया जा रहा है कि हादसे के दौरान चालक को मामूली चोटें आईं, जिसके बाद वह डर के मारे मौके से फरार हो गया।


पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच में जुटी टीम

घटना की सूचना मिलते ही रजौन थानाध्यक्ष अभय शंकर और एसआई प्रभात कुमार पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का मुआयना करने के बाद दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और ट्रैक्टर के अनियंत्रित होने के कारणों का पता लगा रही है। त्योहार के दिन हुई इस दुखद घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।


चन्द्रशेखर की रिपोर्ट