Bihar News : खेलते-खेलते नहर में डूबने से दो मासूम बहनों की हुई दर्दनाक मौत, परिजनों में पसरा मातम

Bihar News : बांका में घर के बाहर खेल रही दो मासूम चचेरी बहनें अचानक पास की नहर में जा गिरीं और डूबने से दोनों की दर्दनाक मौत हो गई......पढ़िए आगे

Bihar News : खेलते-खेलते नहर में डूबने से दो मासूम बहनों की
बहनों की मौत - फोटो : CHANDRASHEKHAR

BANKA : जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत डारा पंचायत के पीतांबरा बस्ती के समीप स्थित कौवाकोल गांव में मंगलवार को एक हृदयविदारक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। घर के सामने खेल रही दो मासूम चचेरी बहनों की नहर में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से एक ही परिवार के दो घरों के चिराग बुझ गए। हादसे के बाद जहां परिजनों की चीख-पुकार से पूरा गांव गमगीन हो उठा, वहीं दो मासूम बच्चियों की असमय मौत से ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं। मृतक बच्चियों की पहचान कौवाकोल गांव निवासी प्रदीप राय की पुत्री रानी कुमारी और उनके सगे भाई दीपक राय की पुत्री अक्षरा कुमारी के रूप में हुई है। दोनों बच्चियां आपस में चचेरी बहनें थीं। एक साथ दोनों की मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

देखते ही देखते हो गया हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार को रानी कुमारी और अक्षरा कुमारी घर के सामने खेल रही थीं। इसी दौरान खेलते-खेलते दोनों बच्चियां पास स्थित नहर में चली गईं। पानी की गहराई का अंदाजा नहीं होने के कारण दोनों डूब गईं। जब घटना की जानकारी परिजनों और आसपास के ग्रामीणों को मिली तो मौके पर अफरातफरी मच गई। ग्रामीण तत्काल नहर की ओर दौड़े और दोनों बच्चियों की तलाश शुरू कर दी। काफी मशक्कत के बाद दोनों को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं।

एक साथ दो मासूमों की मौत से मचा कोहराम

दोनों बच्चियों की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। प्रदीप राय और दीपक राय के परिवार पर मानो दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जिन घरों में कुछ देर पहले तक बच्चियों की किलकारियां गूंज रही थीं, वहां अचानक मातमी सन्नाटा छा गया।अपनी लाडली बेटियों को खोने के गम में परिजन बदहवास हो गए। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में पीड़ित परिवारों के घर पहुंचने लगे। हर कोई इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध नजर आया।ग्रामीणों के अनुसार, दोनों बच्चियां एक ही परिवार की थीं और साथ खेल रही थीं। किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि घर के सामने खेलते समय इतना बड़ा हादसा हो जाएगा। इस घटना ने पूरे कौवाकोल गांव को शोक में डुबो दिया है।

मुखिया प्रतिनिधि अमित कुमार सिंह पहुंचे पीड़ित परिवारों के बीच

घटना की जानकारी मिलते ही डारा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि अमित कुमार सिंह पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे। उन्होंने दोनों मासूम बच्चियों की असामयिक मौत पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए परिजनों को ढांढस बंधाया। मुखिया प्रतिनिधि ने कहा कि यह घटना बेहद दुखद और हृदयविदारक है। एक ही परिवार की दो मासूम बच्चियों की मौत से पूरे पंचायत क्षेत्र में शोक का माहौल है। उन्होंने पीड़ित परिवारों को भरोसा दिलाया कि सरकार की ओर से नियमानुसार मिलने वाली सहायता राशि दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में वे पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं और उन्हें आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगे।

नहर किनारे बच्चों की सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता

इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में नहर और अन्य जलस्रोतों के आसपास छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। घरों के समीप स्थित नहरों में बच्चों के दुर्घटनावश गिरने या डूबने की आशंका को देखते हुए सुरक्षा उपायों की आवश्यकता महसूस की जा रही है। ऐसे स्थानों पर सुरक्षा घेराबंदी और चेतावनी संकेतों की व्यवस्था के साथ अभिभावकों की सतर्कता भी जरूरी है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं को रोका जा सके।फिलहाल, कौवाकोल गांव में मातम पसरा हुआ है। रानी और अक्षरा की असमय मौत ने न केवल दोनों परिवारों, बल्कि पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है। मंगलवार का दिन इस परिवार के लिए ऐसी दर्दनाक याद बन गया, जिसे भुला पाना आसान नहीं होगा।

बांका से चंद्रशेखर कुमार भगत कि रिपोर्ट