Bihar Snake Bite: जहरीले सांप का कहर, एक ही रात पिता-पुत्र की मौत, उजड़ा परिवार

Bihar Snake Bite: जहरीले सांप के डंसने से पिता और दो वर्षीय मासूम पुत्र की मौत हो गई।...

Venomous Snake
जहरीले सांप का कहर- फोटो : reporter

बांका जिले के धोरैया थाना क्षेत्र के चलना पंचायत स्थित इस्लामपुर गांव में जहरीले सांप के डंसने से पिता और दो वर्षीय मासूम पुत्र की मौत हो गई। एक ही रात हुई इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है। परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन बना हुआ है।

जानकारी के मुताबिक इस्लामपुर निवासी 25 वर्षीय सरफराज अंसारी गुरुवार देर रात अपने दो वर्षीय बेटे सुफियान के साथ घर में जमीन पर सो रहे थे। इसी दौरान जहरीले सांप ने दोनों को डंस लिया। सर्पदंश के बाद सरफराज की हालत बिगड़ने लगी। परिजन उसे तत्काल धोरैया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर हालत को देखते हुए बांका रेफर कर दिया। बांका में इलाज के दौरान सरफराज ने दम तोड़ दिया।

वहीं, शुक्रवार सुबह जब परिजनों ने मासूम सुफियान को जगाने की कोशिश की तो वह भी मृत मिला। बताया गया कि देर रात परिवार के लोगों ने सांप को मार दिया था। एक साथ पिता-पुत्र की मौत की खबर फैलते ही गांव में सन्नाटा छा गया।

ग्रामीण एवं सामाजिक कार्यकर्ता आसिफ अली के अनुसार सरफराज का पैतृक घर बाराहाट थाना क्षेत्र के चिलमिल गांव में है, लेकिन वह अपनी ससुराल इस्लामपुर में रहकर परिवार का भरण-पोषण करता था। हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

सरफराज की पत्नी आईसा का रो-रोकर बुरा हाल है। मासूम बेटे और पति को खोने के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद ग्रामीणों में भी शोक और दहशत का माहौल है।

रिपोर्ट- चंद्रशेखर भगत