बेगूसराय के SKM कॉलेज में संदिग्ध एडमिट कार्ड का खुलासा : 150 एडमिट कार्ड जब्त, AISF ने उठाए गंभीर सवाल
बेगूसराय के प्रतिष्ठित SKM कॉलेज में संदिग्ध एडमिट कार्ड जारी किए जाने और छात्राओं से अवैध रूप से पैसे वसूलने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी संबंधित पेपर हाउस संचालक को हिरासत में लिया है....
Begusarai : जिले के श्रीकृष्ण महिला (SKM) कॉलेज में संदिग्ध एडमिट कार्ड जारी किए जाने और छात्राओं से अवैध रूप से पैसे वसूलने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घटना का खुलासा होने के बाद कॉलेज प्रशासन से लेकर छात्र संगठनों में भारी हड़कंप मच गया है।
जांच में 150 संदिग्ध एडमिट कार्ड जब्त, अवैध राशि कराई गई वापस
मामले का खुलासा उस वक्त हुआ जब बड़ी संख्या में छात्राएं अपना एडमिट कार्ड लेकर कॉलेज पहुँचीं। दस्तावेजों की गहन जांच के दौरान भारी गड़बड़ी और संदिग्ध एडमिट कार्ड पाए गए। प्रभारी प्राचार्य प्रो. विमल कुमार ने तुरंत मामले का संज्ञान लेते हुए जांच बैठाई, जिसमें लगभग 150 फर्जी/संदिग्ध एडमिट कार्ड जब्त किए गए। कॉलेज प्रशासन की सख्ती के बाद आरोपी पक्ष द्वारा कई छात्राओं से वसूली गई अवैध राशि वापस भी कराई गई।
नगर थाना पुलिस ने पेपर हाउस संचालक से की पूछताछ
घटना की जानकारी मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुँची और आरोपी संबंधित पेपर हाउस संचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान संचालक द्वारा अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगने की बात सामने आई है। कॉलेज प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि भविष्य में दोबारा ऐसी लापरवाही या धोखाधड़ी पाए जाने पर कड़ी प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।
AISF का गंभीर आरोप: कॉलेज के नाम व लोगो का हुआ गलत इस्तेमाल
ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (AISF) के जिलाध्यक्ष अमरेश कुमार ने पेपर हाउस संचालक नवीन कुमार पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि श्रीकृष्ण महिला कॉलेज के नाम और आधिकारिक लोगो (Logo) का दुरुपयोग कर एक फर्जी फॉर्मेट तैयार किया गया था। इसी के आधार पर निर्दोष छात्राओं को इंटरनल और B.Sc. सेमेस्टर-3 के कथित एडमिट कार्ड थमाकर पैसे ऐठे गए। छात्र संगठन ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच और दोषियों पर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
अजय शास्त्री की रिपोर्ट