Bihar News : महिलाओं पर कथित टिप्पणी मामले में AIMIM विधायक अख्तरुल ईमान को महिला आयोग ने दिया नोटिस, सात दिन में मांगा जवाब
Bihar News :AIMIM विधायक अख्तरुल ईमान की महिलाओं को लेकर की गई कथित अमर्यादित टिप्पणी के मामले में बिहार राज्य महिला आयोग ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
PATNA : बिहार की राजनीति में बयानों को लेकर एक बार फिर विवाद गहरा गया है और इस बार यह मामला AIMIM विधायक अख्तरुल ईमान से जुड़ा हुआ है। महिलाओं को लेकर की गई कथित अमर्यादित टिप्पणी के मामले में बिहार राज्य महिला आयोग ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया है। आयोग ने इस विषय पर विधायक से सात दिनों के भीतर लिखित स्पष्टीकरण तलब किया है।
इस घटनाक्रम के सामने आने के बाद मामले ने सियासी रंग भी पकड़ लिया है और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) इस मुद्दे पर लगातार सवाल खड़े कर रही है। बीजेपी ने सवाल उठाया है कि महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाले बयानों को लेकर अन्य राजनीतिक दलों का क्या रुख है। पार्टी का कहना है कि महिलाओं के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी करने वालों को महज राजनीतिक बयानबाजी कहकर नहीं छोड़ा जाना चाहिए।
विपक्षी सवालों और आयोग की सख्ती के बीच यह प्रकरण बिहार की सियासत में महिला सम्मान, राजनीतिक मर्यादा और जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही को लेकर एक नई बहस को जन्म दे रहा है। राजनीतिक गलियारों में इस बात पर चर्चा हो रही है कि सार्वजनिक मंचों और बयानों में संवेदनशीलता तथा मर्यादा का स्तर क्या होना चाहिए।
फिलहाल सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि अख्तरुल ईमान निर्धारित समय सीमा के भीतर महिला आयोग के नोटिस का क्या और कैसा जवाब देते हैं। साथ ही यह भी देखा जाना अहम होगा कि इस पूरे विवाद पर AIMIM की ओर से आधिकारिक रूप से क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।
अभिजीत की रिपोर्ट