Bihar News : भागलपुर में अवैध खनन पर प्रशासन ने कसा शिकंजा, जांच के दौरान 2 ट्रकों को किया जब्त, ₹22 लाख का लगा जुर्माना

Bihar News : भागलपुर जिले में अवैध खनन पर रोक लगाने को लेकर खनन विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में दो ट्रकों को जब्त किया गया है......पढ़िए आगे

Bihar News : भागलपुर में अवैध खनन पर प्रशासन ने कसा शिकंजा,
अवैध खनन पर शिकंजा - फोटो : BALMUKUND

BHAGALPUR  : बिहार के भागलपुर जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए खनन विभाग ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में शुक्रवार की देर रात जिले के कुरबन क्षेत्र में चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन कर खनिजों का परिवहन कर रहे दो ट्रकों को जब्त किया गया। विभाग द्वारा इन दोनों ट्रकों पर लगभग 22 लाख रुपये की राजस्व कार्रवाई (जुर्माना) की प्रक्रिया की जा रही है।

इस पूरी बड़ी कार्रवाई का नेतृत्व जिला खनन पदाधिकारी (DMO) कुमार रविशंकर ने किया। देर रात चलाए गए इस छापेमारी अभियान में खनन निरीक्षक नैयर शाकिर और MD अरमान समेत खनन विभाग की टीम और पुलिस बल मुस्तैद रहा। अधिकारियों ने सड़क से गुजरने वाले खनिज लदे वाहनों को रोककर चालान, रवन्ना और अन्य आवश्यक कानूनी दस्तावेजों की सघन जांच की।

जांच अभियान के दौरान विभागीय टीम ने रात भर में 100 से भी अधिक छोटे-बड़े खनिज परिवहन वाहनों को रोककर उनके कागजातों की बारीकी से पड़ताल की। इसी जांच के क्रम में दो ट्रकों के पास वैध चालान और नियम अनुसार कागजात नहीं पाए गए, जिसके बाद टीम ने मौके पर ही दोनों ट्रकों को जब्त कर लिया। विभाग के अनुसार, इन पर कुल 22 लाख रुपये का जुर्माना तय किया गया है।

खनन विभाग की इस ताबड़तोड़ और औचक कार्रवाई से इलाके के अवैध खनन व बालू-गिट्टी के अवैध परिवहन में लिप्त माफियाओं और वाहन चालकों के बीच हड़कंप का माहौल है। खनन विभाग के अधिकारियों ने साफ चेतावनी दी है कि बिना वैध कागजात, ओवरलोडिंग या नियमों का उल्लंघन कर खनिजों का परिवहन करने वालों के खिलाफ आगे भी यह सख्त अभियान लगातार जारी रहेगा।

बालमुकुन्द की रिपोर्ट