अमृत भारत स्टेशन योजना: पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक ने किया एकमा स्टेशन का निरीक्षण, निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयसीमा बनाए रखने का दिए निर्देश
Chapra : अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत एकमा रेलवे स्टेशन पर चल रहे कायाकल्प एवं पुनर्विकास कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लेने बुधवार को पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर एकमा पहुंचे। उन्होंने स्टेशन परिसर में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का मौके पर मुआयना किया और अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कार्य तय समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता और मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं। महाप्रबंधक ने स्पष्ट किया कि स्टेशन पुनर्विकास के साथ-साथ यात्री सुविधाओं में वृद्धि और रेल संरक्षा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
सेकेंड एंट्री ले-आउट, सर्कुलेटिंग एरिया और यात्री सुविधाओं की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने एकमा स्टेशन के द्वितीय प्रवेश द्वार (सेकेंड एंट्री) के ले-आउट का अवलोकन किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने सर्कुलेटिंग एरिया, पेयजल व्यवस्था, प्लेटफॉर्म निर्माण तथा 'पे एंड यूज' शौचालय की स्वच्छता का गहन जायज़ा लिया। उन्होंने स्टेशन परिसर को साफ-सुथरा और सुव्यवस्थित रखने पर विशेष जोर दिया।
आरपीएफ पोस्ट, रिले रूम और बुकिंग काउंटर की जांच
दौरे के दौरान महाप्रबंधक ने महिला व पुरुष प्रतीक्षालयों के प्रसाधन, आरपीएफ ड्यूटी पोस्ट में लाइटिंग व्यवस्था और स्टेशन अधीक्षक कक्ष में विफलता पंजिका सहित अन्य अभिलेखों की पड़ताल की। बुकिंग-कम-रिजर्वेशन काउंटर पर दिव्यांगों व मरीजों के लिए व्हीलचेयर और स्ट्रेचर की उपलब्धता की जाँच की गई। इसके अतिरिक्त, रिले रूम का निरीक्षण कर तकनीकी प्रणालियों के संचालन व सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई।
सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल समेत कई वरिष्ठ रेल अधिकारी रहे मौजूद
इस निरीक्षण के दौरान महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) अनुज मित्तल, प्रमुख मुख्य इंजीनियर तुषार कान्त पाण्डेय, प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक प्रकाश चन्द्र जायसवाल, आरपीएफ के महानिरीक्षक-सह-प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त सत्य प्रकाश तथा वाराणसी मंडल के डीआरएम आशीष जैन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
धर्मेन्द्र की रिपोर्ट