ऐतिहासिक हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले का आज सीएम करेंगे उद्घाटन, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

छपरा जिले के सोनपुर में लगने वाले एशिया के सबसे बड़े पशु मेले के रुप में विख्यात हरिहर क्षेत्र मेले का आज सीएम सम्राट चौधरी द्वारा उद्घाटन किया जाएगा। यह मेला आज 22 नवंबर से शुरु होकर 23 दिसंबर तक पूरे एक महीने चलेगा....

ऐतिहासिक हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले का आज सीएम करेंगे उद्घाटन
सोनपुर मेले का आज सीएम करेंगे उद्घाटन- फोटो : रिषभ कुमार

Chapra : एशिया के सबसे बड़े पशु मेले के रूप में प्रसिद्ध ऐतिहासिक हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले का आज भव्य उद्घाटन होने जा रहा है। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी दीप प्रज्वलित कर इस विश्व प्रसिद्ध मेले का औपचारिक शुभारंभ करेंगे। उद्घाटन समारोह को लेकर सारण जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।


डिप्टी सीएम, कला संस्कृति मंत्री और स्थानीय सांसद भी रहेंगे मौजूद

उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री के साथ उपमुख्यमंत्री, कला एवं संस्कृति मंत्री तथा स्थानीय सांसद भी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्य मंच पर पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री बाबा हरिहरनाथ मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना करेंगे।


भव्य तरीके से सजा मुख्य मंच, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

उद्घाटन समारोह के लिए मुख्य मंच को आकर्षक और भव्य तरीके से सजाया गया है, जहां दीप प्रज्वलित कर मुख्यमंत्री मेले की शुरुआत करेंगे। आयोजन को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए मेला परिसर व आसपास के क्षेत्रों में जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती की गई है।


सीएम को देखने व सुनने के लिए उमड़ी भारी भीड़, महिलाओं की बड़ी भागीदारी

उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है और मुख्यमंत्री को देखने व सुनने के लिए मुख्य मंच के सामने भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। खासतौर पर महिलाओं की बड़ी संख्या कार्यक्रम स्थल पर देखने को मिल रही है।


23 दिसंबर तक चलेगा एक माह का आयोजन, देशभर से पहुंचते हैं व्यापारी और श्रद्धालु

यह ऐतिहासिक मेला आज 22 नवंबर से शुरू होकर 23 दिसंबर तक पूरे एक महीने तक चलेगा। मेले की रौनक देखने और कारोबार के लिए देश के कोने-कोने से व्यापारी, कलाकार और बड़ी संख्या में श्रद्धालु सोनपुर पहुंचते हैं।


रिषभ की रिपोर्ट