Bihar News: CM सम्राट चौधरी पहुंचे दरभंगा, देंगे 346 करोड़ की 105 योजनाओं का तोहफा
Bihar News: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी रविवार को दरभंगा पहुंचे, जहां उनका आगमन 54वें मिथिला विभूति पर्व समारोह को लेकर खास रहा। ...
Bihar News: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी रविवार को दरभंगा पहुंचे, जहां उनका आगमन 54वें मिथिला विभूति पर्व समारोह को लेकर खास रहा। नागेंद्र झा स्टेडियम में आयोजित तीन दिवसीय समारोह का मुख्यमंत्री शुभारंभ करेंगे। इस दौरान मिथिला की समृद्ध संस्कृति, साहित्य और गौरवशाली विरासत की झलक देखने को मिलेगी। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तमाम तैयारियां मुकम्मल कर ली हैं।
इस मौके पर दरभंगा को विकास की बड़ी सौगात मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री 346.26 करोड़ रुपये की लागत वाली 105 विकासात्मक योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इनमें 330.08 करोड़ रुपये की 103 योजनाओं का उद्घाटन तथा करीब 16 करोड़ रुपये की दो नई योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इन परियोजनाओं से जिले में सड़क, पुल, जलनिकासी और शहरी बुनियादी सुविधाओं को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।
ग्रामीण कार्य विभाग की सबसे अधिक योजनाएं उद्घाटन की सूची में शामिल हैं। बिरौल, बेनीपुर, दरभंगा वन और दरभंगा टू प्रमंडलों में ग्रामीण सड़कों और आरसीसी पुलों का निर्माण कराया गया है। घिरोखर पोखर मिर्थलिया भाया आसी पथ पुल पर 297.02 लाख रुपये तथा टी-4 से देउरी पथ पर 276.54 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। इन योजनाओं से ग्रामीण इलाकों में आवागमन आसान होगा और स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी।
वहीं, बुडको के माध्यम से पीसीसी सड़क, नाला, घाट और नालों पर ढक्कन लगाने जैसे कार्य भी कराए जाएंगे। दरभंगा नगर निगम के वार्ड 1, 4, 9, 15, 28, 34, 35 और 47 के अलावा बेनीपुर, जाले, कमतौल, बहेड़ी तथा बिरौल के शहरी इलाकों में भी विकास कार्य होंगे। वार्ड 28 में मदारपुर चौक से होली क्रॉस स्कूल तक नाला निर्माण पर 127.84 लाख रुपये और कमतौल नगर पंचायत के वार्ड 11 में सड़क व नाला निर्माण पर 110.94 लाख रुपये खर्च होंगे।समारोह और विकास योजनाओं के जरिए मुख्यमंत्री का यह दौरा मिथिला के सांस्कृतिक सम्मान के साथ आधारभूत सुविधाओं के विस्तार का पैगाम देगा।
रिपोर्ट- वरुण कुमार ठाकुर