Bihar News : गया जंक्शन पर आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई, ऑपरेशन सतर्क के तहत 14 किलो चांदी किया जब्त, मौके से तस्कर को किया गिरफ्तार

Bihar News : बिहार के गया जंक्शन पर ऑपरेशन सतर्क के तहत आरपीएफ ने कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में चांदी के आभूषण बरामद किए हैं......पढ़िए आगे

Bihar News : गया जंक्शन पर आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई, ऑपरेशन स
चांदी बरामद - फोटो : SOCIAL MEDIA

GAYAJI : बिहार के गया जंक्शन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने 'ऑपरेशन सतर्क' के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध चांदी के आभूषण और चांदी बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को भी हिरासत में लिया है, जिसके पास से लाखों रुपए के आभूषण मिले हैं।

घटना 14 अक्टूबर 2026 की है, जब आरपीएफ की टीम गया जंक्शन पर यात्रियों और सामानों की सुरक्षा को लेकर विशेष निगरानी रख रही थी। इसी दौरान, डीडीयू एंड एफओबी के पास एक व्यक्ति भूरे (बजनी) रंग का भारी बैग लेकर प्लेटफॉर्म संख्या 6 और 7 की तरफ जाता हुआ दिखाई दिया। उसकी संदिग्ध गतिविधियों को देखकर आरपीएफ कर्मियों को शक हुआ, जिसके बाद उसे रोककर पूछताछ शुरू की गई।

पूछताछ के दौरान उस व्यक्ति ने अपनी पहचान जमशेद अली मलिक, उम्र 36 वर्ष, निवासी पश्चिम मेदिनीपुर (पश्चिम बंगाल) के रूप में बताई। इसके बाद सुरक्षा बलों ने उसके पास मौजूद बैग की गहन तलाशी ली। तलाशी के दौरान बैग के अंदर से कुल 14.835 किलोग्राम चांदी के आभूषण और शुद्ध चांदी बरामद हुई। आरपीएफ की टीम द्वारा जब उस व्यक्ति से इन चांदी के आभूषणों के स्वामित्व, खरीद-फरोख्त या परिवहन से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज या बिल दिखाने को कहा गया, तो वह मौके पर किसी भी तरह का संतोषजनक कागजात या प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सका।

दस्तावेज नहीं मिलने पर आरपीएफ ने नियमानुसार बरामद की गई पूरी चांदी को अपने कब्जे में ले लिया और आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल, इस मामले में चांदी कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इसकी गहराई से जांच की जा रही है और विस्तृत जानकारी का इंतजार है।

मनोज की रिपोर्ट