Bihar News : गयाजी में धूमधाम से मनाया गया 205 कोबरा बटालियन का 18वां स्थापना दिवस, कमांडेंट नरेश पंवार ने वीर शहीदों को दी श्रद्धांजलि, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां

Bihar News : गयाजी में सीआरपीएफ की विशेष इकाई 205 कोबरा बटालियन के 18 वें स्थापना दिवस के मौके पर कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया. जिसमें सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समां बाँध दिया......पढ़िए आगे

Bihar News : गयाजी में धूमधाम से मनाया गया 205 कोबरा बटालियन
205 कोबरा बटालियन का 18वां स्थापना दिवस- फोटो : SOCIAL MEDIA

GAYAJI : केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ.) की विशेष इकाई 205 कोबरा बटालियन का 18वां स्थापना दिवस पूरे उत्साह, गरिमा और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। बटालियन परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। समारोह में अधिकारियों, जवानों, उनके परिजनों तथा आमंत्रित अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में सांस्कृतिक कार्यक्रमों, खेल प्रतियोगिताओं, सम्मान समारोह और विभिन्न मनोरंजक आयोजनों ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं केक कटिंग से हुआ। इसके बाद बटालियन के गौरवशाली इतिहास पर आधारित संक्षिप्त प्रस्तुति एवं डॉक्यूमेंट्री दिखाई गई। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में "आरंभ है प्रचंड" की प्रस्तुति, राजस्थानी-हरियाणवी फ्यूजन, बॉलीवुड ग्रुप डांस, पारंपरिक दंपती रैंप वॉक, चक धूम-धूम, गरबा, देशभक्ति गीत, पैट्रियोटिक फ्यूजन, मकरा डांस, बोडो डांस, दक्षिण भारतीय फ्यूजन डांस, भांगड़ा तथा हिंदी गीतों ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि के करकमलों से पुरस्कार वितरण, आशीर्वचन, द्वितीय कमान अधिकारी अजीत कुमार द्वारा धन्यवाद ज्ञापन, बड़ा खाना एवं "किस्मत का तिजोरी" कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए कमांडेंट नरेश पंवार ने सभी अधिकारियों, जवानों एवं उनके परिजनों को स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बटालियन की गौरवशाली उपलब्धियों के पीछे जवानों के साथ-साथ उनके परिवारों का त्याग, धैर्य और सहयोग भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने देश की रक्षा एवं आंतरिक सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रभक्ति सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगी। उन्होंने कहा कि 205 कोबरा बटालियन ने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में अनेक चुनौतीपूर्ण अभियानों को सफलतापूर्वक अंजाम देकर देश की आंतरिक सुरक्षा को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने जवानों से अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रसेवा की भावना के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते रहने का आह्वान किया।

स्थापना दिवस के अवसर पर 'एक पेड़ मां-पिता के नाम' अभियान के तहत पौधारोपण किया गया। इसके अलावा बैडमिंटन (पुरुष एवं महिला), वॉलीबॉल, शूटिंग, स्विमिंग, अल्ट्रा फिट प्रतियोगिता, ड्राइविंग स्किल, फैंसी ड्रेस, क्विज, खो-खो, स्पून-मार्बल रेस, 100 मीटर दौड़, गुब्बारा दौड़, जलेबी रेस तथा अन्य खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों, जवानों, महिलाओं एवं बच्चों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर द्वितीय कमान अधिकारी अजीत कुमार, डिप्टी कमांडेंट नरेंद्र कुमार, सहायक कमांडेंट दिव्य प्रकाश पांडेय सहित बटालियन के अधिकारी, जवान, उनके परिजन एवं अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।